केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर क्या कह रहा है विपक्ष

शराब नीति मामले में ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को देर रात सीएम हाउस से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद ईडी केजरीवाल को अपने दफ्तर ले गई। यहाँ आरएमएल अस्पताल से पहुंची डॉक्टरों की टीम ने उनका मेडिकल किया।

केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर क्या कह रहा है विपक्ष

इस गिरफ्तारी पर आप पार्टी की मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे और जेल से सरकार चलाएंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान केजरीवाल के परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी की टीम 10वां समन देने आई थी। उन्हें आज दोपहर दो बजे पीएमएलए कोर्ट लाया गया।

केजरीवाल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने अदालत से कहा है कि ट्रायल कोर्ट में रिमांड की कार्यवाही सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के साथ टकरा रही है इसलिए उन्हें याचिका वापस लेने की अनुमति दी जाए। उन्होंने आगे कहा कि ट्रायल कोर्ट में वह पहले रिमांड प्रोसीडिंग पर लड़ेंगे और फिर एक और याचिका के साथ सुप्रीम कोर्ट जायेंगे।

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखते हुए कहा- “डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज़ करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। INDIA इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।”

 

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा है कि भाजपा जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने आज अपने बयान में कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर एक ‘धब्बा’ है और यह आगामी लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ दल की घबराहट को दर्शाता है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना करते हुए इसे लोकतंत्र पर खुलेआम हमला बताया है।

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली के आईटीओ में प्रदर्शन किया। पुलिस ने दिल्ली सरकार के दो मंत्रियों आतिशी और सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया है।

गौरतलब है कि ईडी ने दिल्‍ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट 2002 के तहत गिरफ्तार किया है। यह कानून 2002 में बनाया गया था और 1 जुलाई 2005 को लागू किया गया था। इस मामले में जमानत मुश्किल होती है।आम आदमी पार्टी सरकार के तीन मंत्री पहले ही इस कानून के तहत जेल में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *