केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रवेश कर रहा है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी हफ्तों में राहत की उम्मीद की जा सकती है। इस बीच उत्तर, पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के आसार हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुरुवार को भी लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ रहेगा। विभाग की मानें तो बुधवार को उत्तर प्रदेश का बस्ती सबसे अधिक गर्म जिला रहा। यहां पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम बिभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बदलाव के नतीजे में गर्मी से भी राहत मिलने के संकेत हैं। साथ ही अगले एक सप्ताह में देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
यूपी में अब चार जून यानी आज से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 20 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। जिन इलाकों में यह विक्षोभ सक्रिय होगा वहां के पारे में छह डिग्री तक की गिरावट संभव है। इस विक्षोभ का दायरा यूपी में कहां-कहां तक होता है इस बारे में कहना कठिन है। मगर सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का ऑरेंज अलर्ट है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की गतिविधियां तेज रहेंगी। विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश की दहलीज पर है, वहीं दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है।
आईएमडी से मिली सूचना में कहा गया है कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई क्षेत्रों में भी मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने उत्तर भारत से जुड़ी जो जानकारी दी है उसके मुताबिक़, हिमाचल प्रदेश में आज यानी 4 जून के लिए कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहाँ कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड में भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और टिहरी जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 4,200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है।