आज संसद भवन में देश के 17वें उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली वोटिंग प्रक्रियाशाम 5 बजे तक चलेगी। वोटों की गिनती शाम 6 बजे से शुरू होगी।

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और इंडिया ब्लॉक के प्रत्याशी बी सुदर्शन रेड्डी के बीच मुकाबला होना है। इस चुनाव में लोकसभा के 542 और राज्यसभा के 239 सदस्य वोट डालेंगे। इस बार के दोनों उम्मीदवारों का संबंध दक्षिण भारत से हैं। एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन तमिलनाडु से हैं जबकि रेड्डी तेलंगाना से हैं।
781 सदस्यीय निर्वाचक मंडल में आवश्यक बहुमत 391 है। उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन का नाम है जबकि विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को अपना के उम्मीदवार बनाया है।
गौरतलब है कि संसद के हालिया मानसून सत्र के दौरान जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल अभी दो वर्ष का बाक़ी था। इनके इस्तीफे के कारण स्वास्थ्य समस्या बताया गया था। इस वजह से यह चुनाव हो रहा है।
सोमवार को इस चुनाव से एक दिन पहले विपक्ष के सांसदों ने एकजुटकता प्रकट करते हुए बैठक की और ‘मॉक’ (प्रतीकात्मक) मतदान में हिस्सा लिया था ताकि मंगलवार को मतदान के बाद उनका एक-एक वोट वैध करार हो।
दरअसल विपक्षी सांसदों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि उनका वोट बर्बाद न हो। पिछले मतदान में कुछ वोट अवैध घोषित कर दिए गए थे।खबर है कि इस बीच राजग ने भी सोमवार को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए अपने सांसदों की बैठक की। इस ‘मॉक’ मतदान में उसके सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।
आज के मुक़ाबले को राजनीतिक विश्लेषक कड़ा मुकाबला मान रहे हैं। हालाँकि दोनों ही उम्मीदवार अपनी दावेदारी को मज़बूत बता रहे हैं। ऐसे में सबकी नजर संभावित क्रॉस-वोटिंग और अंतिम परिणाम पर टिकी है।
