कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों पर मतदान शुरू

कर्नाटक विधानसभा के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है जो शाम 6 बजे तक चलेगा। कर्नाटक की 224 सीटों के लिए राज्य के 5,31,33,054 मतदाता आज अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। राज्य में युवा मतदाताओं की संख्या 11,71,558 है, इनमे 5,71,281 दिव्यांग और 12,15,920 मतदाता 80 वर्ष से अधिक उम्र के हैं।

कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों पर मतदान शुरू

यहाँ सुबह से ही मतदान केंद्रों में भारी भीड़ देखने को मिली। विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस सहित जनता दल (सेक्युलर) तथा कई अन्य दल के कुल 2,615 उम्मीदवार खड़े हुए हैं। इनमें 2,430 पुरुष, 184 महिलाएं और एक अन्य लिंग का हैं। सुबह-सुबह मतदान केंद्रों पर उमड़ी मतदाताओं की भीड़, बेंगलुरू से तस्वीरें

 

कर्नाटक के इस चुनाव में भाजपा ने सभी 224 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किये हैं, जबकि कांग्रेस ने 223 सीटों पर तथा जनता दल (सेक्‍यूलर) और आम आदमी पार्टी ने 209-209 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक की जनता से “राज्य में सुशासन, विकास और समृद्धि” के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा- “आपका एक वोट एक जन-समर्थक और प्रगति-समर्थक सरकार सुनिश्चित कर सकता है जो राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।”

कर्नाटक में भरपूर ताकत लगाने वाले राहुल गाँधी ने यहाँ की जनता से अपनी बात रखते हुए अपील की है। राहुल गांधी ने कर्नाटक के मतदाताओं से जिन मुद्दों पर मतदान में उन्हें समर्थन देने की बात की है उनमे 5 गारंटी का ज़िक्र किया है। अपने तवीर में उन्होंने महिलाओं के अधिकार, युवाओं के रोज़गार, गरीबों के उत्थान तथा ‘40% कमीशन’ मुक्त, प्रगतिशील कर्नाटक के निर्माण की बात कही है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सुरक्षापूर्वक और सफल मतदान कराने के लिए करीब तीन लाख मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है। मतदान के दौरान कुल 75,603 बैलेट यूनिट, 70,300 कंट्रोल यूनिट तथा 76,202 वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल का इस्तेमाल किया जाएगा।

कर्नाटक में मतदान को लेकर किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था की गई है। राज्य पुलिस के अलावा अर्ध सैनिक बलों की कई कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा पड़ोसी राज्यों से भी पुलिस बल को बुलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *