अयोग्य घोषित होने के बाद ओलिंपिक से बाहर हुईं विनेश फोगाट

पेरिस ओलंपिक 2024 में पहलवान विनेश फोगाट को महिला कुश्ती 50 किग्रा स्पर्धा के फाइनल मुकाबले से बाहर कर दिया गया है। वजन अधिक होने के कारण विनेश को फाइनल मुकाबले से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

अयोग्य घोषित होने के बाद ओलिंपिक से बाहर हुईं विनेश फोगाट

ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान ने मंगलवार को सेमीफाइनल में क्यूबा की लोपेज गुजमान को 5-0 से हराया था।

भारतीय ओलंपिक संघ यानी आईओए ने मामले की पुष्टि करते हुए जानकारी दी है कि विनेश फोगाट को वजन अधिक होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

इस संबंध में संघ ने कहा- “भारतीय दल को इस बात का दुख है कि महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम वर्ग से विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किलोग्राम से कुछ ग्राम अधिक था। इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है। वह मौजूदा प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहेगा।”

भारतीय ओलिंपिक संघ की ओर से विनेश के अयोग्य घोषित होने की पुष्टि कर दी गई है। अब विनेश बुधवार रात को होने वाले 50 किलो कैटेगरी की विमेंस रेसलिंग के फाइनल में नहीं खेल सकेंगी।

इस खुलासे के बाद विनेश को कोई मेडल भी नहीं मिलेगा। अफसोसनाक यह है कि इस फैसले के खिलाफ किसी तरह की अपील भी नहीं की जा सकती है। बताते चलें कि विनेश पहली बार 50 किग्रा वर्ग में खेल रही थीं। इससे पहले वह 53 किग्रा में खेलती थीं।

इस ओलंपिक में विनेश का सफर शानदार रहा है। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में उन्होंने चार पॉइंट अर्जित किए और फाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल से पहले विनेश ने क्वार्टर फाइनल में यूक्रेन की लिवाच उकसाना को 7-5 से शिकस्त दी थी।

विनेश फाइनल मुक़ाबले में अमरीका की सारा एन हिल्डब्रांड से टक्कर लेने वाली थीं। अमरीका की यह पहलवान टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी है। इसके अलावा विश्व चैंपियनशिप में वह दो रजत और दो कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं। यह मुकाबला आठ अगस्त को देर रात 12:30 बजे खेला जाएगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ओलिंपिक से बाहर किए जाने के बाद विनेश फोगाट की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *