वाइस एडमिरल दिनेश त्रिपाठी भारतीय नौसेना के नए चीफ का कार्यभार संभालेंगे

भारतीय नौसेना के नए चीफ की जिम्मेदारी वाइस एडमिरल दिनेश त्रिपाठी को दी गई है। वर्तमान नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार के 30 अप्रैल को रिटायर होने के बाद दिनेश त्रिपाठी अपना स्थान ग्रहण करेंगे। यह जानकारी केंद्र सरकार की तरफ से गुरुवार देर रात दी गई।

वाइस एडमिरल दिनेश त्रिपाठी भारतीय नौसेना के नए चीफ का कार्यभार संभालेंगे

वर्तमान में नौसेना स्टाफ के वाइस चीफ का पद सँभालने वाले दिनेश त्रिपाठी इससे पहले पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रह चुके हैं। उन्होंने करीब चार दशक के अपने कार्यकाल में भारतीय नौसेना के कई महत्वपूर्ण मामलों को निपटाया है।

कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर स्पेशलिस्ट वाइस एडमिरल दिनेश त्रिपाठी पहली जुलाई 1985 को भारतीय नौसेना में कमीशंड हुए थे। उन्होंने नौसेना के फ्रंटलाइन युद्धपोतों पर सिग्नल कम्युनिकेशन ऑफिसर के साथ इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर ऑफिसर का काम संभाला है।

दिनेश त्रिपाठी का जून 2019 में वाइस एडमिरल के पद पर प्रमोशन हुआ। इसके बाद उनकी पोस्टिंग केरल के एझिमाला में भारतीय नौसेना एकेडमी के कमांडेंट के रूप में हुई थी में हुई थी।

जुलाई 2020 से मई 2021 तक इन्होने नौसेना संचालन के डायरेक्टर जनरल और फिर जून 2021 से फरवरी 2023 तक कार्मिक प्रमुख के रूप में काम किया है। त्रिपाठी को 4 जनवरी 2024 को नौसेना स्टाफ का वाइस चीफ नियुक्त किया गया था।

आईएनएस किर्च (पी62), त्रिशूल और विनाश जैसे नौसैनिक जहाजों की कमान सँभालने वाले त्रिपाठी गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर आईएनएस मुंबई के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर तथा प्रिंसिपल वारफेयर ऑफिसर भी रह चुके हैं।

रियर एडमिरल की पोस्ट पर प्रमोशन पाने वाले त्रिपाठी नेशनल हेडक्वार्टर में नौसेना स्टाफ के असिस्टेंट चीफ (पॉलिसी और प्लान्स) के अलावा पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग भी रह चुके हैं।

सैनिक स्कूल रीवा और नेशनल डिफेंस एकेडमी, खडकवासला से अपनी पढाई करने वाले दिनेश त्रिपाठी डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन से स्नातक हैं। यहाँ उन्हें थिमैया मेडल सम्मान मिल चुका है।

वर्ष 2007-08 में रोड आइलैंड के न्यूपोर्ट स्थित यूएस नेवल वॉर कॉलेज में दिनेश त्रिपाठी ने नेवल हायर कमांड कोर्स और नेवल कमांड कॉलेज में भी हिस्सा लिया और रॉबर्ट ई बेटमैन इंटरनेशनल पुरस्कार से सम्मानित हुए। इसके अलावा वह अति विशिष्ट सेवा पदक और नौसेना मेडल भी हासिल कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *