अभिनेत्री सुरेखा सीकरी का निधन

मुंबई, 16 जुलाई : मशहूर अभिनेत्री एवं राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता सुरेखा सीकरी का शुक्रवार को मुंबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 75 वर्ष की थीं।

अभिनेत्री सुरेखा सीकरी का निधन

सुरेखा सीकरी के मैनेजर ने उनके निधन की पुष्टि की है। मैनेजर ने बताया कि दुख की बात है कि सुरेखा जी नहीं रहीं। अभिनेत्री दूसरे ब्रेन स्ट्रोक के बाद काफी परेशानी में थीं। ब्रेन स्ट्रोक के बाद सुरेखा पर इलाज का तेजी से असर नहीं हो रहा था। वह लंबे समय तक अस्पताल में रही थीं।

सुरेखा सीकरी ने बधाई हो में दादी के किरदार से जमकर सुर्खियां बटोरी थीं और दर्शकों का दिल जीत लिया था। इसके अलावा उन्होंने बालिका वधू में दादी सा का किरदार निभाया था जिसे खूब पसंद किया गया था।

सुरेखा सीकरी का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था और उनका बचपन अल्मोढ़ा और नैनीताल में बीता। उनके पिता एयरफोर्स में थे और मां शिक्षक थीं। वह 1971 में सुरेखा सीकरी नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) से पास आउट हुई थीं। उन्होंने मुंबई जाने से पहले लंबे समय तक एनएसडी के साथ काम किया। उन्हें 1989 में संगीत नाटक अकेडमी अवार्ड से भी नवाजा गया था।

सुरेखा सीकरी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1978 की फिल्म किस्सा कुर्सी से की थी। उन्हें तमस (1988), मम्मो (1995) और बधाई हो (2018) के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी नवाजा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *