वरुण गांधी ने लखनऊ लाठीचार्ज पर उठाए सवाल

लखनऊ: भाजपा सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर योगी सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाया है। वरुण गांधी ने लखनऊ में कैंडल मार्च निकाल रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा की गई लाठीचार्ज की कार्रवाई को बर्बर बताया है। उन्होंने घटना की आलोचना करते हुए कहा कि यदि रिक्तियां हैं और योग्य उम्मीदवार भी हैं, तो भर्ती क्यों नहीं हो रही है?

वरुण गांधी ने लखनऊ लाठीचार्ज पर उठाए सवाल

वरुण गांधी ने पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारियों का पीछा करते और उनपर लाठीचार्ज करते का वायरल वीडियो अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया है।

वरुण गांधी ने कहा कि ये प्रदर्शनकारी भी भारतीय हैं और कोई भी उनकी शिकायतों को सुनने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सवाल किया कि उनके बच्चे अगर इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होते तो क्या वे तब भी ऐसी ही कार्रवाई करते।

ये बच्चे भी मां भारती के लाल हैं, इनकी बात मानना तो दूर, कोई सुनने को तैयार नहीं है। इस पर भी इनके ऊपर ये बर्बर लाठीचार्ज। अपने दिल पर हाथ रखकर सोचिए क्या ये आपके बच्चे होते तो इनके साथ यही व्यवहार होता??
आपके पास रिक्तियां भी हैं और योग्य अभ्यर्थी भी, तो भर्तियां क्यों नहीं??

राज्य में 2019 की परीक्षा में 69,000 सहायक शिक्षकों की भर्ती के लिए कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शनकारी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। वे लखनऊ में एक चौराहे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे, जब पुलिस ने उनपर यह कार्रवाई की।

पुलिस की कार्रवाई पर विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *