अमेरिका ने पाकिस्तान की 7 कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध

अमेरिका ने परमाणु व्यापार में शामिल होने के कारण पाकिस्तान की सात कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।अमेरिकी “ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्रीज़ एंड सिक्योरिटी” की ओर से बनाई गई लिस्ट में कुल 23 कंपनियों के नाम शामिल किए गए हैं जिनमें से 7 पाकिस्तानी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

इन सभी कंपनियों की लिस्ट अमेरिका की फेडरल रजिस्ट्रार ने जारी की है और अब अमेरिका द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद यह सभी कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में व्यापार करने से वंचित हो जाएंगी।

प्राप्त समाचारों के अनुसार, जिन सात पाकिस्तानी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया गया है उनमें से तीन कंपनियों के बारे में बताया गया है कि वह परमाणु सामग्री की आपूर्ति में ग़ैर क़ानूनी गतिविधियों में शामिल रही हैं। वॉशिंग्टन ने अपने बयान में कहा है कि प्रतिबंधित पाकिस्तानी कंपनियां अमेरिका की सुरक्षा के लिए ख़तरा बन चुकी थीं।

अमेरिका द्वारा पाकिस्तानी कंपनियों पर ऐसे समय में प्रतिबंध लगाया गया है कि जब पाकिस्तान इस बात का प्रयास कर रहा है उसे परमाणु व्यापार एवं परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में शामिल कर लिया जाए। विशेषज्ञों का कहना है वॉशिंगटन के फ़ैसले ने एनएसजी में पाकिस्तान के शामिल होने की संभावना को लगभग ख़त्म कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *