लखनऊ में पीजीआई के क़रीब इमारत गिरने से दो लोगों की मौत और कई घायल

लखनऊ में पीजीआई इलाके में बीती रात कालिंदी पार्क के करीब निर्माणाधीन अपार्टमेंट का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस हादसे में मजदूरों की पांच झोपड़ियां आने से कई लोग मलबे में दब गए।

लखनऊ में पीजीआई के क़रीब इमारत गिरने से दो लोगों की मौत और कई घायल

लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 में यह हादसा हुआ। यहां एक अपार्टमेंट निर्माणाधीन था। रात करीब 11:30 बजे यहाँ जमीन धंसने की घटना के बाद मजदूर गहराई में दब गए। मलबे में दबे मजदूरों को रेस्क्यू ऑपरेशन के ज़रिये निकाला गया। इस हादसे में एक बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो गई है।

देर रात तक जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस, दमकलकर्मी और एसडीआरएफ की टीमों ने इन लोगों को मलबे से बाहर निकाला और ट्रामा-2 में भर्ती कराया। हादसे में प्रतापगढ़ निवासी 35 वर्षीय मुकादम और उनकी दो माह की बेटी आयशा की मौत की खबर है। हादसे में अभिजीत कुमार, चंदन कुमार, रुखसाना, गोलू, अफसाना, लालबाबू और चार अन्य लोग घायल हुए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ घटनास्थल से एडीसीपी पूर्वी अली अब्बास ने जानकारी दी कि अंतरिक्ष अबरिल ग्रीन नाम से एक अपार्टमेंट का निर्माण चल रहा था। समीप ही रोड के किनारे मजदूर पांच झोपड़ियां बनाकर परिवार संग रह रहे थे। यहाँ बृहस्पतिवार की रात ये हादसा हुआ। रेस्क्यू के दौरान रात एक बजे तक मलबे में दबे लोगों को निकाल लिया गया। इन सभी को ट्रामा-2 में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि निर्माणाधीन अपार्टमेंट में बृहस्पतिवार दोपहर जेसीबी से बेसमेंट की खुदाई की गई थी। इसके चलते इमारत को नुकसान पहुंचा और देर रात उसका कुछ हिस्सा ढह गया। हादसे की आवाज़ इतनी तेज़ थी कि लोगों को लगा कहीं बम फूटा है और उन्होंने धरती हिलती महसूस की।

बाहर आकर देखने पर पाया कि निर्माणाधीन अपार्टमेंट का एक हिस्सा ढह गया था और झोपड़ियां उसमें दब गईं थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि पांच झोपड़ियों में चार पुरुष, दो बच्चे और एक महिला थी। घटना के वक्त पांच अन्य मजदूर भी खड़े थे। यह लोग भी इमारत का हिस्सा ढहते ही उसमें गिर पड़े। लोगों ने पांचों को बाहर निकालने में कामयाबी हासिल की और अस्पताल में भर्ती कराया।

हादसे के बाद निर्माणाधीन अपार्टमेंट के आस पास बने अपार्टमेंट से लोग घरों से बाहर निकल आए। हादसे के कारण इलाक़े के लोगों में अभी भी दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *