बेल्जियम में एक सीवर लाइन की खुदाई के दौरान कंस्ट्रक्शन वर्कर्स को सोने की छड़ों, दुर्लभ सिक्कों और दूसरी कीमती चीज़ों का एक बड़ा खजाना मिला, जिसकी कीमत लगभग 9 मिलियन यूरो बताई जा रही है।
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यह खजाना 18 साल के स्टूडेंट कोबे को मिला, जो गर्मियों में टेम्पररी वर्कर के तौर पर काम कर रहा था। यह काम ब्रसेल्स से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में सेंट-गिल्स-डेंडरमोंडे में अंडरग्राउंड पाइप बदलने के रूटीन काम के दौरान हुआ। उसे मंगलवार को अपने साथियों के साथ खुदाई करते समय यह खजाना मिला।
रिपोर्ट की मने तो, खजाने में सोने के सिक्के, सोने की डली और सोने की छड़ें शामिल हैं। खजाना एक बैग में छिपा हुआ था, जो एक पुरानी हवेली की ईंटों के बीच छिपा हुआ था।
बेल्जियम मीडिया के मुताबिक, वर्कर ने बताया कि उसे अचानक ज़मीन में कुछ पड़ा हुआ दिखा। पहले तो उसे लगा कि यह एक यूरो का सिक्का है, लेकिन बाद में एक सोने की छड़ मिली और वह उम्मीद से कहीं ज़्यादा बड़ी निकली।
यह हवेली 19वीं सदी के आखिर में बनी थी। अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया और सारा कीमती सामान ब्रसेल्स में एक सेफ़ में रख दिया, जहाँ इन्वेस्टिगेटर अब खजाने की असली और कानूनी मालिकी का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
बेल्जियम के कानून के तहत, जिस व्यक्ति को कोई खजाना मिलता है, उसे यह देखने के लिए कम से कम पाँच साल इंतज़ार करना पड़ता है कि असली मालिक या उसके कानूनी वारिस मौजूद हैं या नहीं।
दूसरी ओर, 18 साल के कोबे ने माना कि मज़दूरों को पता था कि अगर उन्हें इतनी बड़ी मात्रा में खजाना मिला, तो उसे अधिकारियों को सौंपना ज़रूरी होगा। हालाँकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में उन्हें इस खोज के लिए किसी तरह का इनाम मिल सकता है।