नासा को मंगल ग्रह पर जीवन के नए और ठोस प्रमाण मिले हैं। अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी को प्रीकर्सर रोवर द्वारा मंगल ग्रह से प्राप्त चट्टान के नमूने से मंगल ग्रह पर जीवन के ठोस प्रमाण मिले हैं।

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी ने सफायर कैन्यन नामक यह नमूना जुलाई 2024 में मंगल ग्रह पर स्थित एक प्राचीन झील के मुहाने से प्राप्त किया था, जहाँ की चट्टानें 3.5 अरब वर्ष पुरानी हैं।
इसी जानकारी को हासिल करने के लिए परसीवरेंस रोवर को भेजा गया था और यह 2021 में मंगल ग्रह की सतह पर उतरा था। पिछले चार सालों से यह रोवर जेज़ीरो क्रेटर नामक इलाक़े की खोज कर रहा है, जो कभी प्राचीन झील था जिसमें एक नदी आकर मिलती थी। रोवर ने पिछले साल नदी से बनी एक घाटी के तल पर ‘लेपर्ड प्रिंट’ जैसे निशान वाली चट्टानें तलाशी थीं। इस जगह को ‘ब्राइट एंजल फ़ॉर्मेशन’ के नाम से जाना जाता है।
वर्तमान में मंगल गृह को एक ठंडा और बंजर रेगिस्तान माना जा रहा है लेकिन अरबों साल पहले इस पर सघन वायुमंडल पर जीवन होने के सबूत मिले हैं। यही कारण है कि यहां जीवन की तलाश की उत्सुकता बनी है।
पड़ताल के दौरान नासा के परसीवरेंस रोवर को जो नमूने मिले हैं उस पर नासा के कार्यवाहक प्रशासक सीन डफी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वैज्ञानिकों ने इन परिणामों की एक साल तक समीक्षा की।
इस समीक्षा के बाद इन वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार उन्हें मंगल ग्रह पर जीवन की मौजूदगी के बहुत मजबूत प्रमाण मिले हैं। इस बारे में ‘नेचर’ मैग्ज़ीन में प्रकाशित एक अध्ययन के सह-लेखक और इम्पीरियल कॉलेज लंदन में खगोलीय वैज्ञानिक प्रोफ़ेसर संजीव गुप्ता कहते हैं- “हम यह नहीं कह रहे हैं कि हमें मंगल ग्रह पर जीवन मिल गया है, लेकिन हमें वहाँ जीवन की मौजूदगी के नए और मजबूत प्रमाण मिले हैं।” साथ ही वह कहते हैं- “हमने पहले ऐसा कुछ नहीं देखा है, इसलिए यह बड़ी खोज है।”
नासा के विज्ञान मिशन निदेशालय की एसोसिएट प्रशासक डॉक्टर निकोला फॉक्स का इस बारे में कहना है कि हमें जो साक्ष्य मिले हैं, वे किसी जीवित जीव के अवशेष जैसे हैं। आगे वह कहते हैं कि मुमकिन है कि यह किसी प्राणी द्वारा खाया गया भोजन या उसका अपशिष्ट हो।
हालांकि, वैज्ञानिक इस संभावना से भी इंकार नहीं कर रहे हैं कि ये तत्व प्राकृतिक भूगर्भीय हलचलों की वजह से बने हों, लेकिन नासा ने एक प्रेस कांफ़्रेंस में कहा कि ये निशान मंगल पर जीवन होने के अबतक के सबसे स्पष्ट संकेत हो सकते हैं।













