किसानों और सरकार के बीच आज होगी तीसरे दौर की वार्ता

प्रदर्शन कर रहे किसानों और सरकार के बीच आज वार्ता का तीसरा दौर होगा। पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा लगा हुआ है। एमएसपी सहित कई मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन जारी है। किसान दिल्ली की तरफ बढ़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और प्रशासन उन्हें आगे बढ़ने से रोक रहा है।

किसानों और सरकार के बीच आज होगी तीसरे दौर की वार्ता

दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसान मार्च की कोशिश कर रहे हैं। सुरक्षा बल इन किसानों को आगे बढ़ने से रोक रहे हैं। किसान जब आगे बढ़ने का प्रयास करते हैं, पुलिस उनपर आंसू गैस के गोले प्रयोग करती है।

किसान यूनियन के नेताओं और केंद्र सरकार के मंत्रियों के बीच आज शाम चंडीगढ़ में बैठक होने वाली है। इस बैठक पर पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंढेर ने भरोसा जताया है। उनका कहना है कि आज की बैठक में कोई सकारात्मक समाधान जरूर निकलेगा।

आज शाम चंडीगढ़ में होने वाली किसान यूनियन के नेताओं के साथ वीडियो कॉनफ्रेंसिंग में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय शामिल होंगे। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच दो बैठकों में कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद किसानों ने 13 फरवरी से अपना विरोध प्रदर्शन शुरू किया था।

किसानों का प्रतिनिधित्व कर रहे पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंढेर का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी उनसे बातचीत करें ताकि किसान अपनी मांगों के समाधान तक पहुंच सकें या फिर किसानों को दिल्ली में शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की इजाजत दी जाए।

वहीँ पुलिस द्वारा आंसू गैस का प्रयोग किये जाने से किसानों में काफी नाराजगी है। किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने नाराज़गी जताते हुए कहा है कि पंजाब के किसान आंदोलन कर रहे हैं और पुलिस आंसू गैस के गोले और प्लास्टिक की गोलियां चला रही है।

आगे उन्होंने कहा कि सरकार संयम से काम लें। किसानों को न उकसाए कहीं ऐसा ना हो कि अगला कदम सरकार को संभालना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने इस मामले को बातचीत से सुलझाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *