चीन में बना दुनिया का सबसे ऊँचा पुल यातायात के लिए खोल दिया गया है। हुआजियांग ग्रैंड कैन्यन ब्रिज ने एक साथ दो रिकॉर्ड बनाए हैं। इसपरियोजना पर पिछले कुछ वर्षों से काम हो रहा था। यह निर्माण पर्यटन और यातायात के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है।

चीन के गुइझोउ प्रांत में बेइपान नदी पर निर्मित हुआजियांग ग्रैंड कैन्यन ब्रिज (Huajiang Grand Canyon Bridge) 625 मीटर (2,050 फीट) ऊँचा और 2,890 मीटर (1.8 मील) लंबा है। चीन के सरकारी मीडिया के अनुसार, इस परियोजना के पूरा होने में तीन साल से ज़्यादा का समय लगा है।
यह पुल को दुनिया में सबसे ज़्यादा दूरी घटाने वाला पुल भी कह सकते हैं। दरअसल इसकी मदद से जिस यात्रा को करने में यात्रियों को आमतौर पर दो घंटे खर्च करने पड़ते थे, अब उस सफर को मात्र दो मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
हुआजियांग ग्रैंड कैन्यन ब्रिज ने एक साथ दो रिकॉर्ड बनाए हैं; एक तो यह कि यह पहाड़ी क्षेत्र में बना दुनिया का सबसे ऊँचा और सबसे लंबा पुल है, और दूसरा यह कि इस पुल का इस्तेमाल न केवल यात्रा के लिए, बल्कि पर्यटन के लिए भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस पुल में 207 मीटर ऊँचा एलिवेटर, एक ‘स्काई कैफ़े’ और पर्यटकों के लिए विशेष मंच भी हैं जहाँ से वे घाटी के मनमोहक दृश्य देख सकते हैं। पुल को खासतौर पर स्टील केबल्स और आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक से तैयार किया गया है ताकि यह भूकंप और तेज हवाओं को भी झेल सके।
चीनी मीडिया के अनुसार, उद्घाटन से पहले पुल की कड़ी सुरक्षा जाँच की गई है।इसके लिए इंजीनियरों ने एक साथ 96 भारी ट्रकों को अलग-अलग हिस्सों पर चढ़ाया, जबकि 400 से ज़्यादा सेंसरों ने पुल के मुख्य हिस्से, टावरों, केबलों और सस्पेंशन वाले हिस्सों पर नज़र रखी ताकि किसी भी बदलाव या कंपन को रिकॉर्ड किया जा सके।
