अप्रैल से जून के बीच झुलसाने वाले रहेंगे सूरज के तेवर

वैसे तो अप्रैल की शुरुआत उत्तर भारत का तापमान बढ़ाने वाली होती है मगर इस बार मौसम के अलग रंग हैं। मौसम विभाग द्वारा इन दिनों दक्षिण भारत के कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाक़ों में तापमान 40 डिगरी के ऊपर रिकॉर्ड किया गया है।

अप्रैल से जून के बीच झुलसाने वाले रहेंगे सूरज के तेवर

मौसम विभाग अप्रैल से जून के बीच अत्यधिक गर्मी पड़ने के अनुमान जता रहा है। इसके विपरीत राजधानी सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही चलने वाली हवाओं के ज़ोर से अधिकतम तापमान 33 जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस बीच 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी उम्मीद है।

औसत से कम तापमान होने के कारण इन हवाओं में लू का एहसास अगले एक सप्ताह तक नहीं होने की बात भी विभाग द्वारा कही गई है। विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह तक तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हालाँकि इसके बाद से जून तक समूचा उत्तर भारत प्रचंड गर्मी झेलेगा। इस बात के संकेत भी मौसम विभाग ने दिए हैं।

जबकि दक्षिण भारत की बात करें तो मौसम विभाग ने 4 अप्रैल तक आंध्र प्रदेश में लू चलने की बात कही है। महाराष्ट्र सहित रायलसीमा, कर्नाटक , छत्तीसगढ़ और गंगीय पश्चिम बंगाल में अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस के बीच बताया जा रहा है।

लखनऊ सहित कई जिलों का अधिकतम तापमान बीते 24 घंटे के दौरान 36 डिग्री दर्ज किया गया। इस बीच तेज़ हवाएं जारी रहीं। विभाग के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों में तेज गर्मी पड़ने वाली है।

हालाँकि विभाग ने पूर्वोत्तर के कई राज्यों के लिए भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इनमे अरुणाचल प्रदेश के अलावा असम और मेघालय में तेज बारिश हो सकती है। यहाँ 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज चलने का भी अनुमान है। सोमवार को मिजोरम सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि के कारण जीवन अस्त व्यस्त रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *