उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही क्षेत्रों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। माैसम विभाग ने बुधवार के लिए यूपी के 32 जिलों में लू की चेतावनी जारी किया है। विभाग के अनुसार 25 अप्रैल तक गर्मी का क्रम लगातार बढ़ता ही जाएगा।
बुधवार की सुबह ही चटक और तीखी धूप के साथ गर्मी ने अपने पैर पसार लिए हैं। फिलहाल 25 अप्रैल तक इस तपिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इस गर्मी के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। दोपहर को निकलने वालों की संख्या पर भी इसका खासा असर देखा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ से मिली जानकारी में कहा गया है कि यूपी में शुष्क पछुआ हवाओं और मौसम के प्रभाव से कई जिलों में लू चलने की स्थिति बन गई है। 26 अप्रैल से एक नए विक्षोभ के सक्रिय होने से बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है।
बढ़ते तापमान के चलते उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्कूल की टाइमिंग पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी बोर्डों के सरकारी, परिषदीय, गैरसरकारी और निजी विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। आज यानी 22 अप्रैल से अगले आदेश तक विद्यालयों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा।
बीते दिन यानी मंगलवार को बांदा 44.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं 43.4 डिग्री के साथ सुल्तानपुर प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहा। प्रयागराज में 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश से सटे कुछ दक्षिणी जिलों में गर्म हवा और लू के थपेड़े और तपिश ने जनजीवन प्रभावित किया है।
मौसम विभाग की ओर से 32 जिलों के लिए है लू की चेतावनी जारी की गई है। इनमें प्रयागराज सहित प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी. सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, पीलीभीत, शाहजहांपुर व आस पास के क्षेत्र हैं।
फिलहाल 25 अप्रैल तक इस गर्मी और तपिश से राहत मिलने के आसार नहीं है। उम्मीद है कि 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद बादलों की सक्रियता बढ़ेगी जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
विभाग का कहना है कि 26 और 27 अप्रैल को राहत मिलने की उम्मीद हैं, क्योंकि इन दोनों दिनों में किसी भी संभाग में लू या अन्य मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस दौरान अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिसके बाद इसमें लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की उम्मीद है। हालाँकि लू से कुछ राहत मिलेगी मगर गर्मी सामान्य से अधिक बनी रहेगी।