सोशल मीडिया साईट एक्स पर अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स का आधिकारिक हैंडल शनिवार रात से बंद दिखा। इससे पत्रकारिता और डिजिटल स्वतंत्रता को लेकर बहस छिड़ गई है। एजेंसी का अकाउंट भारत में रविवार शाम तक करीब 24 घंटे भारत में बंद रहा।

भारत में इस बीच रॉयटर्स का आधिकारिक हैंडल एक्सेस करने की कोशिश करने पर जो नोटिस दिखाई दिया उसमे लिखा था यह अकाउंट भारत में एक कानूनी मांग के कारण उपलब्ध नहीं है।
हालांकि, भारत सरकार ने मामले को लेकर बयान जारी किया है। इस बयान में केंद्र सरकार ने कहा कि हमने ब्लॉक करने के संबंध में कोई आदेश नहीं दिया है। बताते चलें कि एक्स प्लेटफ़ॉर्म के नियमों के मुताबिक़, यह संदेश तब दिखता है जब एक्स किसी वैध क़ानूनी मांग, जैसे अदालत के आदेश की वजह से पूरे अकाउंट को ब्लॉक करने की कार्रवाई करता है।
इसके बाद सोशल मीडिया पर विपक्षी नेताओं सहित कई लोगों ने चिंता जताई है और इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर सवाल उठाने वाला कदम बताया। इस प्रतिबंध पर फिलहाल रॉयटर्स की तरफ़ से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। जबकि इस बीच रॉयटर्स समाचार एजेंसी के रॉयटर्स टेक न्यूज़, रॉयटर्स फ़ैक्ट चेक, रॉयटर्स पिक्चर्स, रॉयटर्स एशिया और रॉयटर्स चाइना सहित कई अन्य अकाउंट सक्रिय नज़र आए।
मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला है कि रॉयटर्स सहित तुर्की के सरकारी ब्रॉडकास्टर टीआरटी वर्ल्ड और चीन के अख़बार ग्लोबल टाइम्स के एक्स अकाउंट्स भी भारत में नहीं खुल रहे हैं। इन अकाउंट्स को खोले जाने पर भी एक जैसे ही संदेश नज़र आते हैं।
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के हवाले से सरकार के एक प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि रॉयटर्स का अकाउंट रोकने के लिए भारत सरकार की तरफ़ से कोई क़ानूनी मांग नहीं की है। उन्होंने सरकार के एक्स के साथ संपर्क में होने की बात भी कही।
इस संबंध में विपक्ष ने प्रतिक्रिया दी है। प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस की नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी सरकार से सवाल करते हुए एक्स पर लिखा- “भारत में रॉयटर्स का अकाउंट क्यों बंद किया गया? उन्होंने ऐसा क्या किया? क्या हम ऐसे लोकतंत्र हैं जो प्रतिष्ठित समाचार एजेंसियों को बर्दाश्त नहीं कर सकता? हर असहमति और सवाल की आवाज़ क्यों दबाई जा रही है? मोदी सरकार भारत को दुनिया के सामने मज़ाक क्यों बना रही है?”
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार के इस तरह के ‘ओवर रिएक्शन’ से भारत को एक ऐसा देश दिखाया जा रहा है जो किसी भी आलोचना को सहन नहीं कर सकता।
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने इस पर सरकार की निंदा करते हुए एक्स पर लिखा- ”सरकार नफ़रत फैलाने वाले लाखों अकाउंट्स को तो बढ़ावा देती है लेकिन एक सम्मानित अंतरराष्ट्रीय समाचार संस्था रॉयटर्स का अकाउंट बंद कर देती है. इन हरकतों से भारत दुनिया में और अलग-थलग पड़ता जा रहा है।”
इन प्रमुख विपक्षी नेताओं के अलावा आमजन भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया कह रहा है। इनमे कुछ ऐसे लोग भी हैं जो इसका समर्थन कर रहे हैं। बताते चलें कि ऐसा पहली बात नहीं है जब भारत में एक्स पर किसी मीडिया चैनल या उसके अकाउंट को ब्लॉक किया गया है। इससे पहले भारत-पाकिस्तान संघर्ष के समय में पाकिस्तान से जुड़े कई एक्स अकाउंट्स को ब्लॉक किया जा चुका है। इनमें पाकिस्तानी मीडिया चैनलों के हैंडल्स के अलावा कई पाकिस्तानी कलाकारों और इन्फ्लूएंसर्स के एक्स हैंडल पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। इनमे यूट्यूब और इंस्टाग्राम अकाउंट्स भी ब्लॉक किए गए थे।
