पाकिस्तान में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 18,770 हुए

पाकिस्तान में कोरोना वायरस के एक दिन में सबसे ज्यादा 1952 नए मामले सामने आए हैं और इसी के साथ संक्रमण के मामले बढ़कर 18,770 हो गए हैं. वहीं महामारी से पिछले 24 घंटे में 47 लोगों की मौत हो गई और साथ ही अब तक मरने वालों की संख्या 432 तक पहुंच गई है. 4,715 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.

पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि ये आंकडे चौंकाने वाले नहीं हैं क्योंकि संक्रमण के मामलों की जांच बढ़ाई गई है. उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 9,164 जांच परीक्षणों समेत देश में अब तक 1,93,859 जांच परीक्षण किए जा चुके हैं.

स्वास्थ्य मामलों के विशेष सहायक डॉ जफर मिर्जा ने संवाददाताओं को बताया कि पाकिस्तान जांच की अपनी क्षमता बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा कि देश में कोरोना वायरस नियंत्रण में है और इससे मरने वालों की दर भी कम है. उन्होंने कहा,‘‘अनुमान के मुताबिक पाकिस्तान में मृत्यु दर अब भी कम है और अगर हम पूरे विश्व के हालात देखें तो यह उनके मुकाबले बेहद कम है. अगर आप खुद अपना ध्यान रखते हैं तो यह तय है कि आप और आपका परिवार सुरक्षित रहेगा.’’

देश में संक्रमण के कुल 18,770 मामलों में पंजाब प्रांत में 6,854, सिंध में 7,102 खैबर पख्तूनख्वा में 2,907, बलूचिस्तान में 1,136, इस्लामाबाद में 365, गिलगित-बाल्तिस्तान में 340 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 66 मामले हैं.

इस बीच, प्रधानमंत्री इमरान खान ने महामारी से नौकरी गंवाने वालों के लिए नकदी कार्यक्रम के दूसरे चरण की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बरतने के लिए वह खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं. खान ने नकदी योजना एहसास की शुरुआत करते हुए कहा, ‘‘अब तक 81 अरब रुपए लोगों में बांटे जा चुके हैं. इस प्रक्रिया की मैं खुद निगरानी कर रहा हूं.’’

 

इस दौरान उन्होंने रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन के जल्द स्वस्थ होने और उनकी अच्छी सेहत की कामना की है. मिशुस्तिन हाल ही में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *