दस दिन से टनल में फंसे मज़दूरों की पहली तस्वीरें आज सुबह सामने आईं

उत्तरकाशी के सिल्क्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों के लिए रेस्क्यू ऑपेरशन जारी है। सुरंग में फंसे मजदूर सेफ्टी हेलमेट लगाए हुए नजर आ रहे हैं। ख़बरों के मुताबिक सुरंग में फंसे इन 41 मजदूरों को पहली बार गर्म और ठोस खाना भेजने में भी सफलता मिली है।

दस दिन से टनल में फंसे मज़दूरों की पहली तस्वीरें आज सुबह सामने आईं

रेस्क्यू ऑपरेशन में सुरंग के अंदर कैमरा भेजा गया है। इस कैमरे से मिली फुटेज में फंसे सभी मजदूर एक साथ नज़र आ रहे हैं। इसके अलावा इन मजदूरों से वॉकी-टॉकी पर बात करने में भी सफलता मिली है। बचाव कार्य के दौरान 900 मिलीमीटर का पाइप सुरंग के अंदर डाला गया है। 

उत्तरकाशी के सिल्क्यारा सुरंग में दीवाली की रात होने वाले हादसे में करीब 200 मीटर का हिस्सा धंस जाने से इसमें 41 मजदूर फंस गए थे। रेस्क्यू टीम अभी तक इन मज़दूरों को निकाल नहीं पाई है।

मिट्टी धंसने के साथ मलबा भी बड़ी मात्रा में होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है। इस बीच सोमवार 20 नवंबर को पाइपलाइन के माध्यम से इन लोगों तक पहली बार ठोस और गर्म खाना पहुंचाने में कामयाबी मिली है।

रेस्क्यू ऑपरेशन टीम ने सोमवार को सुरंग के मलबे से छह इंच चौड़ी पाइपलाइन डालकर भोजन की आपूर्ति और अंदर फंसे इन 41 श्रमिकों के लाइव वीडियो पाने में भी टीम को सफलता मिली। इसके लिए एंडोस्कोपिक फ्लेक्सी कैमरे के माध्यम से सुरंग में फंसे श्रमिकों के साथ ऑडियो-विज़ुअल संपर्क बनाया गया और इन मजदूरों का वीडियो जारी किया गया।

गौरतलब है कि उत्तरकाशी में 12 नवंबर की सुबह से 41 मजदूर सुरंग में फंसे हुए हैं। इन्हें बचाने के लिए चल रहे बचाव कार्यों में कई तरह की रुकावटें आ रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सोशल मीडिया साईट एक्स पर पोस्ट के माध्यम से उपडेट दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी सीएम धामी से फोन करके स्थिति का जायज़ा लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *