सुपरस्टार रजनीकांत की नई फिल्म का टाइटल पोस्टर रिलीज हो गया है। आज यानी बुधवार को इस एक्टर की 173वीं फिल्म ‘धर्मन’ का फर्स्ट लुक टाइटल पोस्टर जारी कर दिया गया है। हालांकि इस पोस्टर से फिल्म की कहानी के बारे में कोई सुराग नहीं मिलता, मगर इतना साफ है कि यह एक जबरदस्त एक्शन एंटरटेनर होने वाला है।
मेकर्स ने पोस्टर जारी करते हुए तमिल में कैप्शन लिखा है, ‘धर्ममे वेल्लुम’, जिसका मतलब है ‘न्याय की जीत होगी।’ सोशल मीडिया पर ‘धर्मन’ का फर्स्ट-लुक पोस्टर काफी चर्चा पर रहा है। इसका क्रेडिट रजनीकांत के एक खतरनाक अंदाज को दिया जा रहा है। टीज़र में उन्हें एक डॉक्टर के रूप में दिखाया गया है जिसमें उसके हाथ खून से सने हैं।
आज यानी 24 जून को ही चेन्नई में फिल्म की मुहूर्त पूजा हुई है, जबकि गुरुवार से शूटिंग शुरू हो जाएगी। इस फिल्म को कमल हासन की कंपनी ‘राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल’ प्रोड्यूस कर रही है, जबकि ‘ओह माय कडावुले’ और ‘ड्रैगन’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर अश्वथ मारिमुथु इसे डायरेक्ट करेंगे।
रजनीकांत स्टाइल की बात करें तो ‘धर्मन’ का पोस्टर ही काफी दिलचस्प है। उनके खून से सने इस फर्स्ट लुक ने अलग ही माहौल बना दिया है। इसमें रजनीकांत स्कैल्पेल यानी सर्जरी वाली चाकू बड़े ही टशनभरे अंदाज़ में लिये हुए हैं। उनके हाथ पर घाव और खून देखा जा सकता है। तस्वीर में नज़र आने वाली कलाई पर बंधी उनकी रहस्यमयी ब्रेसलेट भी खास लग रही है।
इस पोस्टर में रजनीकांत नीले रंग के मेडिकल स्क्रब हैं और वह एक ऐसे व्यक्ति पर पैर रखे हुए हैं, जिसे पीट-पीटकर मारा गया है। ‘धर्मन’ में रजनीकांत जहां लीड रोल में हैं, वहीं उनके साथ सिमरन और राशी खन्ना भी इस में शरीक हैं। हालाँकि मेकर्स से अभी पूरी स्टारकास्ट की जानकारी नहीं दी है। फिलहाल इसका म्यूजिक अनिरुद्ध रविचंदर देंगे। सिनेमैटोग्राफी का जिम्मा निकेत बोम्मी, एडिटिंग प्रदीप ई. राघव और एक्शन अनबारिव के हिस्से आया है।
इस फिल्म के साथ ही ‘जेलर 2’ भी चर्चा में है। फिल्म इसी साल सितंबर 2026 में रिलीज होगी। बीते दिनों खबर आई कि फिल्म में ऋतिक रोशन कैमियो रोल में नजर आएंगे। उनके हिस्से की शूटिंग अभी बाकी है। बताते चलें कि नेल्सन दिलीपकुमार के डायरेक्शन में बनी ‘जेलर 2’ में विद्या बालन और मिथुन चक्रवर्ती भी हैं।