बॉलीवुड से एक दुख भरी खबर सामने आई है। भारतीय सिनेमा की सबसे बुज़ुर्ग अभिनेत्री कामिनी कौशल का 98 वर्ष की आयु में देहांत हो गया है। उन्होंने अपने शानदार करियर में 90 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। फिल्म ‘कबीर सिंह’ में वे शाहिद कपूर की दादी के रूप में नजर आईं। वहीं, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ में उन्हें शाहरुख खान की दादी के रोल में देखा गया।

इस समय देश की सबसे उम्रदराज अभिनेत्री कामिनी कौशल ने 98 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं।
24 जनवरी 1927 को लाहौर में जन्मी कामिनी कौशल के पिता वनस्पतिशास्त्री प्रोफेसर एसआर कश्यप एक मशहूर हस्ती थे। उनका असली नाम उमा कश्यप था। कामिनी दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटी थीं। कामिनी कौशल ने साल 1946 में फिल्म ‘नीचा नगर’ नगर से करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में कामिनी कौशल ने रूपा की भूमिका निभाई थी।
कामिनी के पिता का निधन उस समय हो गया था जब वह केवल सात वर्ष की थीं। कामिनी उर्फ़ उमा कश्यप बचपन से ही प्रतिभाशाली थीं। बढ़ाई में अव्वल होने के साथ उन्होंने 10 साल की उम्र में खुद का कठपुतली थिएटर बनाया।
इसके अलावा वह आकाशवाणी पर रेडियो नाटक भी करती थीं। फिल्म निर्माता चेतन आनंद ने उन्हें रेडियो पर सुनने के बाद उनकी मधुर आवाज से प्रभावित होकर उन्हें ‘नीचा नगर’ ऑफर की। उनका नाम भी चेतन आनंद ने ही कामिनी रखा क्योंकि, उनकी पत्नी का नाम भी उमा आनंद था और वह फिल्म का हिस्सा थीं।
कामिनी की फिल्म ‘नीचा नगर’ का पहला प्रदर्शन 29 सितंबर 1946 को फ्रांस के कान अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में हुआ। इस फिल्म को यहाँ ‘गोल्डन पाम’ पुरस्कार मिला। यह चेतन आदर्श के निर्देशन में बनी पहली फिल्म थी। इस उपलब्धि ने 20 साल की उम्र में उन्हें स्टारडम के शिखर पर पहुंचा दिया।
कामिनी कौशल के अभिनय के साथ-साथ उनकी खूबसूरती के चर्चे भी खूब मशहूर रहे। उन्होंने हर दौर के सितारों के साथ काम किया है। फिल्म ‘बिराज बहू’ के लिए कामिनी को 1954 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला। कामिनी कौशल की यादगार फिल्मों की बात करें तो इनमें शहीद (1948), नदिया के पार (1948), आग (1948), जिद्दी (1948), शबनम (1949), आरजू (1950) और बिराज बहू (1954) जैसी फिल्में शामिल हैं। अपने करियर की दूसरी पारी में उन्हें अभिनेता मनोज कुमार की ऑन स्क्रीन मां के रूप में पहचान मिली।















