टेस्‍ट रैंकिंग में नंबर वन बनी टीम इंडिया, पाक को दूसरा स्थान

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने कोलंबो में श्रीलंका से तीन टेस्ट मैचों की सीरीज 0 – 3 से गंवाने के साथ अपनी टॉप रैंकिंग भी भारत को गंवा दी। ऑस्ट्रेलियाई टीम कोलंबो आने से पहले 118 अंक लेकर टॉप पर थी। लेकिन पोलेकेले में 106 रन, गाले में 229 रन और कोलंबो में 163 रन से हारने के बाद उसके 108 अंक हो गये जिससे वह इंग्लैंड के बराबर हो गयी लेकिन रैंकिंग में वह एलिस्टर कुक की टीम से ऊपर है जबकि श्रीलंका के कुल 95 अंक हो गये हैं।

team india

ऑस्ट्रेलिया के बादशाहत गंवाने का मतलब है कि भारत एमआरएफ टायर्स आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज हो गया है जबकि पाकिस्तानी टीम उससे महज एक अंक पीछे दूसरे स्थान पर पहुंच गयी है।  भारत ने साल की शुरूआत शीर्ष रैंकिंग से की थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-0 की जीत के बाद अपना पहला स्थान दोबारा हासिल कर लिया था।

पाकिस्तानी टीम एक साल से भी कम समय में दूसरी बार दूसरे नंबर पर पहुंची है। पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में इंग्लैंड को 2 – 0 से हराने करने के बाद भी पाकिस्तान दूसरे स्थान पर पहुंचा था और 2003 में मौजूदा रैंकिंग प्रणाली शुरू करने के बाद ऐसा पहली बार हुआ था।

शीर्ष स्थान बरकरार रखने के लिये भारतीय टीम को अब वेस्टइंडीज के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा और अंतिम टेस्ट जीतना होगा, जो कल से पोर्ट आफ स्पेन में शुरू हो रहा है। भारत अगर टेस्ट मैच जीतने में असफल रहता है तो पाकिस्तानी टीम पहली बार नंबर एक रैंकिंग पर काबिज हो जायेगी।

अगर भारत चौथा टेस्ट जीत जाता है तो उसके 112 अंक हो जायेंगे जिससे वह पाकिस्तान से महज एक अंक आगे रहेगा लेकिन अगर यह टेस्ट ड्रॉ हो जाता है तो उसके 110 अंक होंगे। अगर वेस्टइंडीज की टीम सांत्वना भरी जीत दर्ज करती है तो भारत के 108 अंक हो जायेंगे और वह चौथे स्थान पर खिसक जाएगा।

एंजेलो मैथ्यूज की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। श्रीलंका के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से पहले 85 अंक थे और तब वह सातवें स्थान पर थी लेकिन अब वह 10 अंक हासिल कर छठे स्थान पर पहुंच गयी है।

ICC टेस्ट रैंकिंग: 1-भारत, 2- पाकिस्तान, 3- ऑस्ट्रेलिया, 4- इंग्लैंड, 5- न्यूज़ीलैंड, 6- श्रीलंका, 7- दक्षिण अफ्रिका, 8- वेस्टइंडीज, 9- बांग्लादेश, 10- जिम्बाब्वे 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *