जॉर्जिया में पहली अगस्त से अंतर्राष्ट्रीय वुशु टूर्नामेंट शुरू होने जा रहा है। इसमें रांची की तनुश्री देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। तनुश्री द्विवेदी झारखंड की राजधानी रांची से देश का प्रतिनिधित्व करने को तैयार हैं। वुशू खेल में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी तनुश्री अब जॉर्जिया में अपने खेल के जौहर दिखने जा रही हैं।

तनुश्री पहली अगस्त से 6 अगस्त तक जॉर्जिया के बटुमी शहर में आयोजित बटुमी इंटरनेशनल टूर्नामेंट 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। तनुश्री इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 27 जुलाई को भारत से रवाना होंगी।
इस आयोजन में शिरकत करने वाली तनुश्री ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी की है। तनुश्री ने बारहवीं तक की पढ़ाई गुरुनानक हायर सेकेंड्री स्कूल, रांची से की है। वर्तमान में तनुश्री रांची के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय की बीकॉम सेकंड ईयर की छात्रा है। तनु पढ़ाई के साथ खेल में भी लगातार सक्रिय है।
इस खेल में तनु को उनके परिवार का भरपूर सहयोग मिला है। परिवार में तनु के माता-पिता और दो अन्य भाई-बहन हैं। तनुश्री ने वुशू की शुरुआत तब की थी जब वह तीसरी कक्षा में थीं। उनके लगाव को देखते हुए परिवार ने भी उन्हें खेल के प्रति प्रेरित किया।साल 2014 में तनु ने पहली बार सब-जूनियर स्तर पर खेल में हिस्सा लिया। तनुश्री ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं को के बाद राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई और अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे का सफर तय कर रही हैं। तनु के कोच कोच दीपक गोप ने रांची के मोरहाबादी मैदान में ट्रेनिंग देकर उनकी प्रतिभा को निखारा है।
अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर तनुश्री अब तक कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने कई सफलताएं अर्जित की हैं-
सब-जूनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप, जम्मू-कश्मीर में कांस्य पदक
जूनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप, फतेहाबाद (हरियाणा) में रजत पदक
सीनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप, पुणे (महाराष्ट्र) में कांस्य पदक
वुशू फेडरेशन कप, रांची (खेलगांव) में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक
वुशू फेडरेशन कप, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में एक रजत और एक कांस्य पदक
ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुशू चैंपियनशिप, जम्मू-कश्मीर में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक
तनुश्री का सपना है कि देश के लिए अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर यह संदेश दें कि यदि लगन हो तो हर मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है। इसके लिए वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी कर रही है। तनु का कहना है कि उनकी कोशिश रहेगी कि भारत के लिए पदक जीत कर लाए।













