सुनीता विलियम्स ने स्पेस में देखे गए दो अद्भुत नज़ारों के बारे में बताया

रिटायर्ड अमरीकी एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स ने स्पेस में रहने के दौरान देखे गए दो सबसे अद्भुत नज़ारों के बारे में बताया है। उन्होंने पृथ्वी के चारों ओर उपग्रहों (Satellites) के बढ़ते जाल और बादलों के ऊपर बिजली से पैदा होने वाली नीली व लाल रंग की दुर्लभ ऊर्जा (Transient Luminous Events) को अपने अनुभवों में बताया।

सुनीता विलियम्स ने स्पेस में देखे गए दो अद्भुत नज़ारों के बारे में बताया

एक इंडियन इन्फ्लुएंसर पॉडकास्ट पर इंटरव्यू के दौरान, सुनीता विलियम्स ने कहा कि पृथ्वी का चक्कर लगा रहे अनगिनत सैटेलाइट और आसमान में बिजली से पैदा होने वाली दुर्लभ रोशनी उनके लिए सबसे अजीब और यादगार अनुभव थे। सुनीता ने पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे उपग्रहों के चौंका देने वाले घनत्व और क्षणिक प्रकाशमान घटनाओं (TLEs) की सुंदरता की जानकारी दी। यह एक दुर्लभ ऊपरी वायुमंडलीय घटना है जिसे उनके सहयोगियों ने तस्वीरों में कैद किया है।

सुनीता विलियम्स ने आगे कहा कि आज के दौर में, पृथ्वी के चारों ओर कम्युनिकेशन सैटेलाइट की संख्या काफी बढ़ गई है, जो स्पेस से साफ दिखाई देती है। उनके अनुसार, स्पेस से ऐसा लगता है जैसे पृथ्वी के चारों ओर कई ऑब्जेक्ट्स ऑर्बिट में हैं।

उन्होंने एक और अद्भुत बात का ज़िक्र किया और कहा कि इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से बादलों के ऊपर इलेक्ट्रिकल एनर्जी की दुर्लभ तस्वीरें ली गईं, जिन्हें ‘ब्लू जेट्स’ और ‘रेड स्प्राइट्स’ कहा जाता है। यह रोशनी आमतौर पर पृथ्वी से दिखाई नहीं देती है और इसे स्पेस से केवल पावरफुल कैमरों से ही देखा जा सकता है।

सुनीता विलियम्स ने कहा कि उनके साथी एस्ट्रोनॉट डॉन पेटिट, मैट डोमिनिक और निकोल एयर्स ने इन शानदार नज़ारों की तस्वीरें लीं, जिन्हें बाद में इंटरनेट पर शेयर किया गया। उन्होंने इन तस्वीरों को कुदरत की एक अद्भुत ताकत बताया है।

बताते चलें कि सुनीता विलियम्स ने अपने 27 साल के करियर में 608 दिन स्पेस में बिताए और 9 बार वॉक किया, जो किसी भी महिला एस्ट्रोनॉट के लिए एक रिकॉर्ड है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *