अचानक मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे 69 हज़ार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी

उत्तर प्रदेश में 69 हजार शिक्षक भर्ती का मामला एक बार फिर से सुर्ख़ियों में आ गया है। आज सुबह शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंच गए।

अचानक मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे 69 हज़ार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी

इन शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास के सामने जमकर प्रदर्शन किया। सीएम आवास के सामने अचानक पहुंची इस भीड़ से अफर-तफरी मच गई। भारी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने चौराहे पर जमकर प्रदर्शन किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए रास्ता जाम हो गया।

स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तुरंत ही मुख्यमंत्री आवास पहुँच गई। यहाँ पहुंचकर पुलिस ने अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेने के बाद अभ्यर्थियों को ईको गार्डन भेज दिया गया।

शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों की शिकायत है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी उन्हे राहत नहीं मिली है। अभ्यर्थी मांग कर रहे हैं कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को लागू किया जाए।

गौरतलब है कि गुरुवार को भी 69000 शिक्षक भर्ती मामले से जुड़े अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास का घेराव किया था। बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शन में अभ्यर्थी, भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *