शुक्रवार को डरबन में खेले गए एक मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के बीच होने वाले एक मुक़ाबले में टीम इंडिया को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम की ओर से पारी की शुरुआत करने आई स्मृति मंधाना इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाईं और मात्र 13 रन बनाकर आउट हो गईं। मगर इस पारी के दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।
स्मृति मंधाना अब भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट यानी मेंस और विमेंस मिलाकर, सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। इस मामले में स्मृति ने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है।
मंधाना के कहते में अब 4244 रन हो गए हैं, जबकि रोहित ने 4231 रन बनाए हैं। मंधाना अब बाबर आजम के वर्ल्ड रिकॉर्ड के भी करीब पहुंच रही हैं। बाबर ने टी20 इंटरनेशनल में 4596 रन बनाए हैं और मंधाना उनसे सिर्फ 352 रन पीछे हैं। अगर उनका फॉर्म बरक़रार रहा, तो आने वाले मैचों में यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
इस सूची में अब विराट कोहली तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं, जिनके नाम 4188 रन दर्ज हैं। चौथे नंबर पर भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जिन्होंने 3869 रन बनाए हैं। वहीं पांचवें स्थान पर सूर्यकुमार यादव हैं, जिनके नाम 3272 रन हैं। रिकॉर्ड्स बताते हैं कि सिर्फ महिला क्रिकेट की बात करें तो मंधाना इस समय दूसरे नंबर पर हैं। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स 4717 रनों के साथ उनसे आगे हैं।
कल रबन में खेले गए मैच में दक्षिण अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। कल की जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा मैच रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
भारतीय टीम के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 5 ओवर में 46 रन जोड़े। शेफाली 20 गेंदों पर 5 चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुईं।
दक्षिण अफ्रीका ने 158 रन के लक्ष्य को 19.1 ओवर में 4 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। पारी की शुरुआत करने आईं कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 39 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली। एनेरी डर्कसन 34 गेंदों पर 44 रन बनाए और नाबाद रहीं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई। कोले ट्रायन 16 गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत की तरफ से श्रेयांका पाटिल ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। अरुंधती रेड्डी और श्री चारणी को 1-1 विकेट मिला।