भारत लौटे शुभांशु शुक्ला पीएम से मुलाक़ात के बाद लखनऊ आएंगे

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अमरीका से भारत वापसी हो गई है। उनके साथ ही बैकअप अंतरिक्ष यात्री प्रशांत बालकृष्णन नायर भी वापस आ गए हैं। इसरो अध्यक्ष वी नारायणन, उनके छात्रों सहित केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली एयरपोर्ट पर इन लोगों का स्वागत किया। दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात के बाद शुभांशु शुक्ला अपने गृह नगर लखनऊ जाएंगे।

भारत लौटे शुभांशु शुक्ला पीएम से मुलाक़ात के बाद लखनऊ आएंगे

भारतीय एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला नासा के एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन को पूरा करने के बाद 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे। आज सुबह वह दिल्ली पहुंचे। बताते चलें कि पहली बार इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में जाने वाले भारतीय एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला करीब एक साल बाद भारत लौटे हैं।

दिल्ली के अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए उनके पिता भी मौजूद थे। शुभांशु शुक्ला आज प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह बेंगलुरु जाएंगे। इसरो के इंटरनेशनल स्पेस डे सेलिब्रेशन में शुभांशु 23 अगस्त को शामिल होंगे और उम्मीद है कि इसके बाद वे लखनऊ आएंगे।

शनिवार को शुभांशु शुक्ला ने इंस्टाग्राम पर हवाई जहाज में बैठे हुए अपनी एक तस्वीर साझा की थी। इसमें उन्होंने लिखा था कि अमरीका छोड़ते समय उनके मन में मिलीजुली भावनाएं थीं। वे अपना अनुभव देशवासियों के साथ साझा करने के लिए भारत लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

लखनऊ के त्रिवेणी नगर के रहने वाले एस्ट्रोनॉट और विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला का स्वागत बेहद गर्मजोशी के साथ किया गया। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के स्वागत पर इसे भारत और इसरो के लिए गौरव का क्षण बताया।

एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा बने शुक्ला नासा 25 जून को अमरीका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेस के लिए रवाना हुए थे। तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों पैगी व्हिटसन (अमरीका), स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की (पोलैंड) और टिबोर कापू (हंगरी) के साथ शुभांशु शुक्ला ने 18-दिवसीय मिशन के दौरान 60 से अधिक प्रयोग और 20 आउटरीच सत्र में हिस्सा लिया। वह 15 जुलाई को कैलिफ़ोर्निया के तट से उतरकर पृथ्वी पर वापस लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *