अगर आपको फ़ोन पर ऐसे मैसेज मिल रहे हैं जिनमें माता वैष्णो देवी यात्रा की बुकिंग या संबंधित सेवाएं प्रदान करने का दावा किया गया है तो सचेत रहें। श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने साफ कहा कि अनाधिकृत वेबसाइटों या व्यक्तियों के धोखाधड़ी वाले विज्ञापनों से सावधान रहें।

बोर्ड ने तीर्थयात्रियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने की महत्वपूर्ण सलाह देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के माध्यम से चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि कोई भी नकली मैसेज, फोन कॉल या व्हाट्सएप फॉरवर्ड के बहकावे में आकर पेमेंट न करें।
श्राइन बोर्ड के अनुसार, श्रीमाता वैष्णो देवी की सभी आधिकारिक बुकिंग केवल उनकी वेबसाइट के जरिए ही होती हैं। हेलिकॉप्टर टिकट, पूजा, दर्शन स्लिप, कमरे या अन्य सेवाओं की बुकिंग के लिए सिर्फ इसी वेबसाइट का इस्तेमाल करें। बोर्ड ने यात्रियों से अपील की है कि पेमेंट करने से पहले अच्छी तरह जांच पड़ताल कर लें। अगर कोई संदेह हो तो श्राइन बोर्ड के हेल्पडेस्क नंबर पर संपर्क करके पुष्टि कराएं।
गौरतलब है कि बोर्ड ने यह चेतावनी ऐसे समय में जारी की है जब माता वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। इस समय बड़ी संख्या में यात्री कटरा पहुंच रहे हैं। इसी का फायदा उठाकर धोखेबाज फर्जी वेबसाइट बनाकर या सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर लोगों को ठगने का प्रयास करते हैं।
बोर्ड का नाम श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड है। बोर्ड में नौ सदस्य हैं; सभी को जम्मू और कश्मीर सरकार द्वारा नामित किया जाता है, विशेष रूप से जम्मू और कश्मीर के राज्यपाल द्वारा। जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल बोर्ड के पदेन अध्यक्ष होते हैं।
देखा गया है कि इन फेक मैसेज के माध्यम से दावा किया जाता है कि विशेष पूजा या प्राथमिकता दर्शन की बुकिंग हो रही है, जबकि ऐसा कुछ नहीं होता। संपर्क करने वाले से पेमेंट लेने के बाद ये लोग गायब हो जाते हैं।
श्राइन बोर्ड के मुताबिक़, आधिकारिक वेबसाइट पर बुकिंग पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी है। बोर्ड ने यात्रियों को सचेत रहने और सुरक्षित यात्रा करने की सलाह दी है।













