एकता कपूर के निर्देशन में एक बार फिर से सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ का सीजन जल्द टीवी पर टेलीकास्ट होने वाला है। नए सीजन में स्मृति ईरानी के साथ अमर उपाध्याय अपने पुराने किरदार तुलसी और मिहिर के साथ नज़र आएंगे।

पूर्व सांसद स्मृति ईरानी ने हाल ही सीरियल में अपनी वापसी की जानकारी दी। स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय रीबूट में तुलसी विरानी और मिहिर विरानी की अपनी प्रतिष्ठित भूमिकाओं को फिर से निभाएंगे। हालाँकि इस शूटिंग को पूरी तरह से सीक्रेट रखा जा रहा है। ऐसे में सेट पर मोबाइल फोन लाने की भी इजाजत नहीं है।
नए सीजन की कहानी की बात करें तो इस बार फैमिली इमोशन के साथ सोशल, पाॅलिटिकल मुद्दों को भी सीरियल में जोड़ा जाएगा। इस बार सीरियल के 150 एपिसोड दर्शकों के लिए बनाए जा रहे हैं।
याद दिला दें कि 25 साल पहले आने वाले सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के करीब 1000 से अधिक एपिसोड प्रस्तुत किए गए थे। नया सीजन मिड जुलाई में टेलीकास्ट होने की उम्मीद है। यह डेली सोप 2000 में प्रसारित हुआ था और आठ साल तक चला।
सीरियल में वापसी पर पूर्व सांसद और अदाकारा स्मृति ईरानी ने भी अपना ऑफिशियल स्टेटमेंट साझा किया। सीरियल के बारे में एक खास बात साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वह नए सीजन में योगदान देकर इस सीरियल की विरासत का सम्मान करना चाहेंगी। आगे उन्होंने एक ऐसे फ्यूचर को बनाने में मदद की चाहत जताई जहां इंडियन क्रिएटिव इंडस्ट्री को मजबूत बनाया जा सके।
ख़बरों के मुताबिक़ सेट पर काम करने वाले सभी लोगों से गोपनीयता का समझौता साइन करवाया गया है। स्मृति ईरानी को Z-प्लस की सुरक्षा दी गई। यह भी खबर है कि सभी लोगों के फोन पर टेप चिपका दिए गए हैं, जिससे कोई जानकारी बाहर न जा सके। बताते चलें कि इस सीरियल की प्रोड्यूसर एकता कपूर इस समय ‘भूत बंगला’ और VVAN जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस कर रही हैं।
