शरद गुट ने कहा नीतीश विकास यात्रा के नाम पर बहा रहें है जनता के पैसे

नई दिल्ली। जनता दल (शरद गुट) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपए खर्चकर विकास यात्रा करने का आरोप लगाया है और कहा है कि यह जनता के साथ क्रूर मजाक है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि नीतीश कुमार के शासन में बिहार अभी भी निर्धनतम राज्य है। ऐसे में जनता की गाढ़ी कमाई से शाही सरकारी यात्रा और सैर सपाटा जनता के साथ क्रूर मजाक है। कुमार को जनता के साथ इस तरह का मजाक बंद कर देना चाहिए।

 

पार्टी के उपाध्यक्ष डॉ. शम्भू शरण श्रीवास्तव ने यहाँ जारी विज्ञप्ति में कहा है कि कुमार कल से अपनी विकास यात्रा निकल रहे हैं और इस पर सरकारी खजाने से रोज तीन करोड़ रुपए खर्च होंगे और इस दौरान पूरा प्रशासनिक कार्य ठप्प हो जायेगा। कुमार पहले भी यात्राएँ आयोजित करते रहे हैं लेकिन उनके बारह साल के शासन के बावजूद राज्य विकास की दौड़ में निचले पायदान पर है।

 

 

बिहार में प्राथमिक से उच्चस्तर की पढ़ाई बर्बाद हो चुकी है और शिक्षा भ्रष्ट माफिया के हाथ में है। इससे राज्य के युवकों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। राज्य में रोजगार के अवसर कम हैं और औद्योगीकरण ठप्प है स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। लोग राज्य से बाहर इलाज को जाते हैं और उनसे अस्पताल भरा रहता है। इसलिए नीतीश कुमार को यह तमाशा बंद करना चाहिए और वास्तविक विकास पर ध्यान देना चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *