शाहरुख खान और काजोल लीसेस्टर स्क्वायर में “सीन्स इन द स्क्वायर” फिल्म के प्रदर्शन का हिस्सा बनने जा रहे हैं। लंदन के प्रसिद्ध लीसेस्टर स्क्वायर के “सीन्स इन द स्क्वायर” में शाहरुख खान और काजोल की कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घोषणा दोनों की ब्लॉकबस्टर फिल्म “दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे” की 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर की गई।

शाहरुख खान और काजोल अभिनीत 1995 की इस फिल्म की शूटिंग लंदन में हुई थी और प्रतिमा उस स्थान पर स्थापित की जाएगी जहां से एक दृश्य में दोनों गुजरे थे। इस तरह डीडीएलजे अब लीसेस्टर स्क्वायर लंदन में स्थापित होने वाली पहली भारतीय फिल्म बन जाएगी, जिससे जुड़ा स्टैच्यू यहां लगेगा।
शाहरुख और काजोल के एक सीन का स्टैच्यू ‘सीन्स इन द स्क्वायर’ में लगाने की घोषणा हार्ट ऑफ लंदन बिजनेस अलायंस ने की। लीसेस्टर स्क्वायर में ‘सीन्स इन द स्क्वायर’ मूवी ट्रेल में अब डीडीएलजे के रूप में एक नई प्रतिमा लगेगी। यह हिंदी सिनेमा की ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म के 30 साल पूरे होने के जश्न की शुरूआत होगी।
आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस पहली फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के नाम पहले से भी कई रिकॉर्ड और अवॉर्ड हैं। अब इस नए स्टैच्यू में फिल्म के स्टार्स शाहरुख और काजोल की डीडीएलजे के एक सीन को दिखाती हुई कांस्य की प्रतिमा लगाई जाएगी।
स्टैच्यू का अनावरण इस साल 20 अक्टूबर 2025 को फिल्म के 30 साल पूरे होने से कुछ समय पहले होगा। फिल्म को यह उपलब्धि मिलना दर्शाता है कि ब्रिटिश साउथ एशियाई लोगों में ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ कितनी लोकप्रिय है। इस रोमांटिक फिल्म की अधिकांश शूटिंग लंदन में हुई थी, इसलिए यह ब्रिटेन में रहने वाले एशियाई नागरिकों के लिए गर्व का विषय थी।
यही कारण है कि जब लंदन में दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे के नायक और नायिका की कांस्य प्रतिमाओं की घोषणा की गई तो प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस फिल्म में यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि विदेश में रहने वाले लोग किस प्रकार अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का प्रयास करते हैं।
दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे फिल्म का अंतिम दृश्य दर्शकों के बीच अमर हो गया और आज भी प्रशंसकों के जेहन में बसा हुआ है। यही नहीं फिल्म के संवादों की भी तीन दशक गुज़र जाने के बावजूद खूब चर्चा होती है।
















