पूर्व आईएएस शाह फैसल को दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में, भेजा गया कश्मीर

पूर्व आईएएस अधिकारी और जम्मू-कश्मीर पीपल्स मूवमेंट के अध्यक्ष शाह फैसल को बुधवार दिन में दिल्ली हवाईअड्डे पर हिरासत में लेकर उन्हें कश्मीर रवाना कर दिया गया। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली से विदेश जा रहे थे।


जानकारी यह भी आ रही है कि शाह फैसल को उनके घर में नजरबंद रखा जाएगा। हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

गौरतलब है कि उन्हें दिल्ली से अमेरिका जाना था लेकिन उन्हें दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ही रोक कर हिरासत में ले लिया गया। बाद में उन्हें कश्मीर भेज दिया गया।

 

बता दें कि शाह फैसल ने कुछ महीनों पहले ही आईएएस के पद से इस्तीफा देकर जम्मू-कश्मीर पीपल्स मूवमेंट नाम की पार्टी का गठन कर लिया है। फैसल यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के 2010 बैच के टॉपर रह चुके हैं।

 

फैसल ने कश्मीर में कथित हत्याओं और इन मामलों में केंद्र की ओर से गंभीर प्रयास नहीं करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा था कि उनका इस्तीफा हिंदूवादी ताकतों द्वारा करीब 20 करोड़ भारतीय मुस्लिमों के हाशिये पर धकलने और इसके चलते उनके दोयम दर्जे का हो जाने, जम्मू कश्मीर राज्य की विशेष पहचान पर कपटपूर्ण हमलों तथा भारत में अति-राष्ट्रवाद के नाम पर असहिष्णुता एवं नफरत की बढ़ती संस्कृति के खिलाफ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *