UP: मॉर्निंग वॉक पर निकले बसपा नेता शब्बर ज़ैदी की हत्या

दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिल्ली-यूपी बॉर्डर थाना क्षेत्र की उत्तरांचल विहार कॉलोनी में बदमाशों ने सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक करने जा रहे बहुजन समाज पार्टी  नेता शब्बर ज़ैदी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। बदमाशों ने घर से महज 100 मीटर की दूरी पर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बसपा नेता शब्बर ज़ैदी (55) बेहटा हाजीपुर गांव में रहते थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे वह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से बाहर निकले थे। वह सहज भाव से मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तभी घर से महज 100 मीटर दूर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि गोलियां लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई। लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। बॉर्डर थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *