लता मंगेशकर की जयंती पर रिलीज हुआ ‘120 बहादुर’ का दूसरा टीजर

स्वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी जयंती पर ‘120 बहादुर’ की टीम ने दूसरा टीजर रिलीज किया है। दिवंगत गायिका लता मंगेशकर की जयंती 28 सितंबर को होती है। इस अवसर पर ‘120 बहादुर’ के मेकर्स ने उन्हें विशेष श्रद्धांजलि दी है। ‘120 बहादुर’ के दूसरे टीजर में ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ के यादगार और अमर गीत इस फिल्म में शामिल किया गया है।

लता मंगेशकर की जयंती पर रिलीज हुआ '120 बहादुर' का दूसरा टीजर

फरहान अख्तर ने ‘120 बहादुर’ का दूसरा टीजर अपने इंस्टाग्राम पर रविवार को साझा किया और कैप्शन में लिखा- ‘पराक्रम, देशभक्ति, बलिदान। रेजांग ला, 1962 के वीरों के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए। 120 बहादुर का दूसरा टीजर जारी। 120 बहादुर, 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।’

टीजर की शुरुआत युद्ध के मैदान में होती है जहाँ सैनिकों को गोलियों का सामना करते दिखाया गया है। बैकग्राउंड में लता की आवाज़ में ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ की धुन बजती है। फिर फरहान अख्तर की आवाज गूंजती है- ‘तुम सब किसान के बेटे हो, जिंदगी भर अपने बाप-दादाओं को लड़ते देखा है। कभी सूखा से तो कभी बाढ़ से, जमीन के लिए लड़ना तुम्हारे खून में है, और यहां बात सिर्फ जमीन की नहीं हमारी सरजमीन की है।’

इस बीच पृष्ठभूमि में ऐ मेरे वतन के लोगों जारी रहता है। गौरतलब है कि 5 अगस्त को मेकर्स ने फिल्म का पहला टीजर जारी किया था। इस फिल्म की शूटिंग लद्दाख में की गई है। फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध की सच्ची घटनाओं पर बनी है। फरहान इस फिल्म में मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका निभा रहे हैं। अपनी 13 कुमाऊं रेजिमेंट के सैनिकों के साथ बहादुर मेजर ने कंधे से कंधा मिलाकर दुश्मन सेना का डटकर सामना किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *