चुनाव आयोग द्वारा बिहार चुनाव की घोषणा के साथ ही बिहार की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर बनी वेब सिरीज ‘महारानी’ का सीज़न चार भी चर्चा में है। बिहारी सियासत वाली वेब सिरीज ‘महारानी’ के चौथे सीजन का टीजर जारी कर दिया गया है। यहाँ हुमा कुरैशी को रानी भारती के रूप में सीधे प्रधानमंत्री से टक्कर लेते देखा जा सकता है।

‘महारानी 4’ के पहले टीजर के साथ ही मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट भी अनाउंस कर दी है। यह सिरीज बिहार के पहले चरण के मतदान के अगले दिन यानी 7 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर रिलीज होगी। टीजर शेयर करते हुए हुमा ने लिखा है- “घर वापसी! रानी अब तक की सबसे बड़ी लड़ाई के लिए तैयार है। ‘महारानी 4’ 7 नवंबर से सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी।”
पिछली सिरीज़ की तुलना में कुछ उम्रदराज ‘महारानी 4’ के टीजर की शुरुआत रानी भारती यानी हुमा कुरैशी से होती है। चश्मा पहने हुए वह प्रधानमंत्री से दिल्ली जाकर मिलती है। प्रधानमंत्री रानी भारती की बिहार की पॉलिटिक्स को लेकर ऑफर करते हैं और रानी इंकार कर देती हैं।
प्रधानमंत्री कहते हैं- ”दिल्ली में हम, पटना में तुम।” इस पर दोनों की सधी तकरार के बाद रानी प्रधानमंत्री का सिंहासन छीनने की बात करती है। इस सिरीज में हुमा के पति का किरदार सोहम शाह निभा रहे हैं।
गौरतलब है कि ‘महारानी’ का पहला सीजन 2021 में रिलीज किया गया था, वहीं इस सीरीज का दूसरा सीजन 2022 में और तीसरा सीजन 2024 में रिलीज हुआ था। ये वेब सिरीज राजनीति, सत्ता और व्यक्तिगत संघर्ष का संगम है।
‘महारानी 4’ के निर्माता सुभाष कपूर हैं। इस सीरीज़ की कहानी उमाशंकर सिंह, सुभाष कपूर और नंदन सिंह ने मिलकर लिखी है। सौरभ भावे ने निर्देशन की ज़िम्मेदारी संभाली है।













