तमिलनाडु में ज़ब्त की गई करोड़ों की ‘सी ककंबर’

नयी दिल्ली 20 सितंबर : भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने तमिलनाडु में रामेश्वरम के समीप दो हजार किलोग्राम प्रतिबंधित समुद्री मछली ‘सी ककंबर’ जब्त की है जिसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में तस्करी के लिए पकड़ा गया था। इसकी बाजार में कीमत करीब आठ करोड़ रुपये आंकी गयी है।

तमिलनाडु में ज़ब्त की गई करोड़ों की ‘सी ककंबर’

भारतीय तटरक्षक बल के उपमहानिरीक्षक एवं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनिकेत सिंह ने आज यहां बताया कि बल के अधिकारियों को रविवार को तड़के सी ककंबर की तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर तटरक्षक बल के अधिकारियों ने मन्नार की खाड़ी एवं पाक जलडमरू मध्य के इलाके में अपनी टीमें तैनात कर दीं। करीब साढ़े दस बजे मंडपम से 15 किलोमीटर दक्षिण में बेदलई के पास एक नौका में दो सौ बोरों में भरी करीब दो हजार किलोग्राम सी ककंबर बरामद हुई। नौका में कोई भी नहीं था।

श्री सिंह ने बताया कि तटरक्षक बल नौका एवं माल को लेकर मंडपम आया और उसे वनविभाग के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि यौन शक्ति बढ़ाने के लिए सेवन किये जाने वाले इस प्रतिबंधित समुद्री मछली की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब आठ करोड़ रुपए आंकी गयी है। यह मुख्य रूप में मन्नार की खाड़ी एवं पाक डमरूमध्य में पायी जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि इस माल को रात ढलने पर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में ले जाने और तस्करों को सौंपने की तैयारी थी। चीन एवं दक्षिणी पूर्वी एशिया में इसकी भारी मांग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *