कांग्रेस से नाराज हैं शीला के बेटे संदीप दीक्षित

 

नई दिल्ली। अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस ने दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकी शीला दीक्षित को चुनाव में मुख्यमंत्री पद के रूप में पेश कर बड़ा दांव खेला हो, लेकिन पूर्वी दिल्ली से सांसद रह चुके उनके पुत्र संदीप दीक्षित पार्टी नेतृत्व से नाराज बताए जाते हैं। उन्होंने ब्लॉग के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका यह ब्लॉग एक अंग्रेजी वेबसाइट पर छपा है।

sandip dixit

ब्लॉग में उन्होंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन को निशाना बनाया है। यही नहीं, उन्होंने पार्टी पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पार्टी को कमजोर करने में कांग्रेस के ही कुछ वरिष्ठ नेताओं का हाथ है।

कांग्रेस के पूर्व सांसद ने अपने ब्लॉग में तीन विकल्पों का भी जिक्र किया है। जो तीन विकल्प हैं, वे हैं कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप)। हालांकि, फिल्हाल उन्होंने भाजपा और आप के विकल्प को नकार दिया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी में उनकी कोई वैल्यू नहीं है।

दीक्षित ने परोक्ष रूप से माकन पर निशाना साधते हुए लिखा है कि प्रदेश कांग्रेस की कमान ऐसे व्यक्ति को सौंपी गई है जो अपनी झूठी रिपोर्टों से उनक मां (शीला) पर हमले करता रहता है। यही नहीं, उन्होंने आगे लिखा है कि पार्टी ने मेरे सामने भी मुश्किल हालात खड़े कर दिए हैं।

भाजपा को लेकर संदीप ने कहा कि वह एक ‘अभिशाप’ की तरह है जिसमें उनका टिकना असंभव है। जबकि आप के लिए उन्होंने कहा कि उसने कांग्रेस के नेताओं द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को हवा देने का काम किया। उन्होंने आप को संघ का करीबी बताया।

पूर्व कांग्रेस सांसद ने कहा कि फिलहाल वह कांग्रेस में ही हैं। लेकिन वह ऐसे शीर्ष नेतृत्व के साथ काम नहीं कर पाएंगे जिसने दिल्ली में कांग्रेस के ही राज में पार्टी को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *