कोलकाता: विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने पर बढ़ा विवाद,ममता ने बताया मोदी व शाह को “गुन्डा”

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान बवाल के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। रोड शो में हिंसा के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर समाज सुधारक ईश्वर चंद्र विद्यासागर की मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाया है।

इस मामले के तूल पकड़ते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने ट्विटर की डीपी में अब विद्यासागर की फोटो लगा ली है।
ममता बनर्जी ने विद्यासागर की मूर्ति तोड़े जाने के खिलाफ बृहस्पतिवार को एक विरोध रैली की घोषणा भी की है। बवाल के बाद कल ममता बनर्जी ने कहा था, ‘’भाजपा के लोग इतने असभ्य हैं कि उन्होंने विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ दी। वे सभी बाहरी लोग हैं। भाजपा मतदान वाले दिन के लिए उन्हें लाई है।’’ इस दौरान ममता ने अमित शाह को ‘गुंडा’ बताया। ममता ने एक रैली में कहा कि ये सब दो “गुन्डों” शाह व मोदी का काम है, मोदी व शाह “गुंडे” है।

विवाद के बाद विद्यासागर की प्रतिमा गिराने के मुद्दे पर टीएमसी ने भाजपा की शिकायत चुनाव आयोग से करने के लिए मुलाकात का समय मांगा है।
इस बीच आज पश्चिम बंगाल में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की होने वाली रैली को रद्द कर दिया गया है, रैली रद्द करने का कारण अभी बताया नहीं गया है।

उधर विद्यासागर कॉलेज के प्रधानाचार्य गौतम कुंडु ने भाजपा समर्थकों पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ‘’भाजपा समर्थक पार्टी का झंडा लिए हमारे दफ्तर के अंदर घुस आए और हमारे साथ बदसलूकी करने लगे। उन्होंने कागज फाड़ दिये, कार्यालय और संघ के कक्षों में तोड़फोड़ की और जाते वक्त विद्यासागर की आदमकद प्रतिमा तोड़ दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *