राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और गोवा में नहीं दिखाई जाएगी पद्मावत!

मुंबई। विवादित फिल्म ‘पद्मावत’ की रिलीज के खिलाफ बढ़ते हिंसक प्रदर्शनों के बीच मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने बुधवार को कहा कि उसके सदस्य एतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म का प्रदर्शन राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और गोवा में नहीं करेंगे।

राजपूत संगठनों और अन्य तत्वों द्वारा इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मॉल में तोडफ़ोड़ किए जाने, वाहनों को जलाए जाने और फिल्म की रिलीज को रोकने की कोशिश के तहत थियेटर मालिकों और आम लोगों को खुली चेतावनी दिए जाने के बाद संघ ने यह निर्णय किया। यह संघ भारत के 75 प्रतिशत मल्टीप्लेक्सों के मालिकों का प्रतिनिधित्व करता है। फिल्म गुरुवार को रिलीज होगी।

 

संघ के अध्यक्ष दीपक अशर ने बताया कि हमने चार राज्यों राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और गोवा में फिल्म का प्रदर्शन नहीं करने का फैसला किया है, क्योंकि स्थानीय प्रशासन ने हमसे कहा है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति अनुकूल नहीं है।

उन्होंने बताया कि जिन राज्यों में फिल्म रिलीज होगी, वहां सिनेमा हॉल के बाहर पुलिस के अलावा निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए जाएंगे। संजय लीला भंसाली की ‘पद्मावत’ मेवाड़ के महाराजा रतन सिंह और सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी के बीच की लड़ाई पर आधारित पीरियड फिल्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *