उत्तर प्रदेश कांग्रेस की कमान राज बब्बर के हाथ

 

 

नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद राज बब्बर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बनाए गए हैं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी ने जातीय समीकरणों का ध्यान रखते हुए राज बब्बर के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में चार उपाध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री को उम्मीदवारों का पैनल तैयार करने के लिए प्रदेश छानबीन समिति की कमान सौंपी गई है।

raj babbar

उत्तर प्रदेश से तीन बार लोकसभा सांसद रहे राज बब्बर इस वक्त उत्तराखंड से राज्यसभा के सदस्य हैं। राज बब्बर के साथ पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस में राजाराम पाल, राजेश मिश्रा, भगवती प्रसाद चौधरी और इमरान मसूद को उपाध्यक्ष बनाकर सभी वर्गो को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है। राजा रामपाल ओबीसी, राजेश मिश्रा ब्राहमण, भगवती प्रसाद दलित और इमरान मसूद मुस्लिम हैं। कभी समाजवादी पार्टी से सांसद रहे राज बब्बर ने 2009 में कांग्रेस के टिकट पर फिरोजाबाद उपचुनाव में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराया था। 2014 में उन्होंने गाजियाबाद से चुनाव लड़ा था और जनरल वीके सिंह से हार गए थे। बाद में मार्च 2015 में पार्टी ने उन्हें उत्तराखंड से राज्यसभा में भेजा। कई राज्यों के विधानसभा चुनाव में राज बब्बर पार्टी की तरफ से प्रचार करते रहे हैं। फिल्म अभिनेता होने के नेता उनकी सभाओं में लोग जुटते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *