राहुल गांधी बोले, अब बदलाव का समय, बीजेपी को 2019 में भी हराएंगे

राहुल गांधी ने तेलंगाना और मिजोरम में जीत दर्ज करने वालों को बधाई दी। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान के बारे में राहुल गांधी ने कहा कि अब बदलाव का समय है।

rahul gandhi

पांचों राज्यों के विधानसभा नतीजों पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। राहुल गांधी ने तेलंगाना और मिजोरम में जीत दर्ज करने वालों को बधाई दी। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान के बारे में राहुल गांधी ने कहा कि अब बदलाव का समय है। उन्होंने कहा कि हमने भाजपा को अभी हराया है और 2019 में भी उसे हराएंगे। ईवीएम पर पूछे गए प्रश्न पर राहुल गांधी ने कहा कि उस पर तो अभी भी सवाल बरकरार है। ईवीएम के एक चिप से चुनाव परिणाम को प्रभावित किया जा सकता है।

 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हम इन राज्यों को ऐसी सरकार देने जा रहे हैं जिनपर उन्हें गर्व होगा। राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ‘चुनाव के नतीजे आए। जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहता हूं। जहां हम हारे हैं और जो जीते हैं उनको हम बधाई देना चाहते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यह कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं और छोटे दुकानदार की है। अब हम जो विजन देने वाले हैं उन पर हम काम शुरू करेंगे।’

राहुल गांधी ने कहा, ‘हमने भाजपा को हराया है। इन राज्यों में भाजपा के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने जो काम किया है उसके लिये हम धन्यवाद करते हैं, हम उनके काम को आगे ले जाना चाहते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यह बहुत स्पष्ट है कि देश के लोगों में यह भावना है कि मोदी ने जो वादे किये थे वो पूरे नहीं हुए। यह स्पष्ट सन्देश है कि मोदी और भाजपा जो कर रहे हैं उससे जनता खुश नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘युवाओं के भविष्य के बारे में सवाल पूछे जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने रोजगार का जो वादा किया था, वो टूट गया है। किसानों में भी यही भावना है।’ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी की एक विचारधारा है। उस विचारधारा के खिलाफ हम लड़ेंगे और उसे हराएंगे। हमने आज भी हराया है और 2019 में भी हराएंगे। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस की विचारधारा एक जैसी है। यह विचारधारा बीजेपी से अलग है। इसके अलावा मुख्यमंत्री पद के चेहरे का मुद्दा बड़ा नहीं है। यह आसानी से हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *