लंदन में ‘आइडियाज फॉर इंडिया 2025’ में बोले राघव चड्ढा- पाकिस्तान पीड़ित नहीं, आतंकी देश है

आम आदमी पार्टी के नेता व राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने लंदन में आयोजित “आइडियाज फॉर इंडिया 2025” कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान को आइना दिखाया। विश्व समुदाय से अपील करते हुए उनका कहना था कि पाकिस्तान को पीड़ित के रूप में ना देखते हुए उसे आतंकवाद फैलाने के लिए जिम्मेदार माना जाए।

लंदन में ‘आइडियाज फॉर इंडिया 2025’ में बोले राघव चड्ढा- पाकिस्तान पीड़ित नहीं, आतंकी देश है

विश्व समुदाय से अपील करते हुए राघव चड्ढा ने पाकिस्तान को दी जाने वाली आर्थिक व अन्य सहायता को तत्काल रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि भारत स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी व रिसर्च में निवेश कर रहा है लेकिन पाकिस्तान केवल सैन्य ताकत व कट्टरपंथ में निवेश कर रहा है।

राघव चड्ढा ने भारत को हमेशा शांति व दोस्ती का पक्षधर बताते हुए कहा कि अगर कोई गलत हरकत करता है, तो हमारा दोस्ती का हाथ प्रतिशोध की मुट्ठी में बदल सकता है।

उन्होंने कहा कि दुनिया को यह समझना होगा कि झूठ व कर्ज एक साथ नहीं चल सकते। इस पर राघव ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से यह सवाल किया कि पाकिस्तान को दी जाने वाली आर्थिक मदद कहां जा रही है, इस बारे में सोचना होगा।

ऑपरेशन सिंदूर को सीमा-पार आतंकवाद के खिलाफ एक मिसाल देते हुए उन्होंने इसे सटीक रणनीति व नैतिकता का शानदार उदाहरण बताया।

राघव चड्ढा ने भारत और यूके के बीच गहरे संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि “वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक परिदृश्य बदल रहे हैं। ऐसे में भारत व यूके के पास अपने रिश्तों को और मजबूत करने का सुनहरा मौका है।

उन्होंने यूके-भारत मुक्त व्यापार समझौते को इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि ये न केवल व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि दोनों देशों के बीच तकनीकी व रणनीतिक सहयोग को भी गहरा करेगा।

इस कॉन्फ्रेंस को भारत के अगले दशक के लिए व्यापार, निवेश व नीतिगत विचारों को बढ़ावा देने वाला मंच बताते हुए उनका कहना था कि आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ भारत के विकास के अगले कदमों पर चर्चा करने के लिए वे उत्साहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *