सतीश शर्मा के निधन से प्रियंका की पंचायत बैठक स्थगित

मथुरा 19 फरवरी : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सतीश शर्मा के निधन से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की मथुरा में आज होने वाली किसान पंचायत को स्थगित कर दिया गया । तीन कृषि कानूनों के विरोध में अब यह पंचायत 23 फरवरी को होगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक चौधरी ने कहा कि आज आयोजित होने वाली प्रियंका वाड्रा की जनसभा अब 23 फरवरी को पालीखेड़ा गांव में उसी स्थान पर होगी जहां यह पहले प्रस्तावित थी। यह परिवर्तन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन सतीश शर्मा के निधन हो जाने के कारण किया गया है। श्री शर्मा का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था। प्रियंका वाड्रा सहारनपुर और बिजनौर में किसान महापंचायत कर चुकी हैं।

कैप्टन सतीश शर्मा गांधी परिवार के बेहद करीबी लोगों में से एक थे। सतीश शर्मा के शव को शुक्रवार सुबह राहुल गांधी ने कंधा भी दिया। बुधवार को गोवा में कैप्टन सतीश शर्मा का निधन हो गया था।

सतीश शर्मा की राजनीति में एंट्री भी पूर्व पीएम राजीव गांधी के चलते हुई थी। इससे पहले वह एक एयरलाइन कंपनी में पायलट के तौर पर काम करते थे। शर्मा को पहली बार 1986 में राज्यसभा जाने का मौका मिला था। यही नहीं राजीव गांधी की मौत के बाद अमेठी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उन्हें जीत मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *