शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने डूरंड कप प्रतियोगिता 2025 की ट्रॉफियों का अनावरण किया। फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप का 2025 संस्करण 15 जुलाई से 23 अगस्त तक खेला जाएगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस अवसर पर खेलों को राष्ट्रीय एकीकरण का शक्तिशाली साधन बताया। इनकी महत्ता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना को बढ़ावा देता है। खेलों की लोगों, क्षेत्रों और देशों को जोड़ने की अनूठी शक्ति को रेखांकित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि ओलंपिक या किसी भी अंतरराष्ट्रीय आयोजन में जब तिरंगा फहराया जाता है तो यह सभी साथी नागरिकों को रोमांचित करता है।
राष्ट्रपति ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- “डूरंड कप जैसे आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देते हैं बल्कि फुटबॉल खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को विकसित करने में भी मदद करते हैं, जिससे उन्हें आगे बढ़ने के लिए एक मंच मिलता है।”
बताते चलें कि एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप का 2025 संस्करण 15 जुलाई से 23 अगस्त तक पांच राज्यों – पश्चिम बंगाल, असम, मणिपुर, मेघालय और झारखंड के छह स्थानों पर खेला जाएगा।
डूरंड कप की मेजबानी लगातार तीसरे साल असम का कोकराझार करेगा जबकि झारखंड का जमशेदपुर और मेघालय का शिलांग पिछले साल मेजबान के रूप में शामिल हुए थे।सौ साल पुराने इस टूर्नामेंट ने 2019 में अपना घरेलू मैदान नई दिल्ली से कोलकाता में स्थानांतरित कर दिया था और लगातार छठे संस्करण के लिए यह बरकरार रहेगा।
राष्ट्रपति ने अपने सम्बोधन में कहा कि फुटबॉल का लाखों लोगों के दिलों में एक विशेष स्थान है। यह सिर्फ एक खेल नहीं है; यह एक जुनून है। फुटबॉल का खेल रणनीति, धैर्य और एक साझा लक्ष्य की ओर मिलकर काम करने के बारे में है।
डूरंड कप में सभी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) टीमों की भागीदारी भी शामिल है। देश की प्रमुख प्रतियोगिता के रूप में इसने खुद को पुनः स्थापित किया है, तथा इसमें भाग लेने वाली टीमों की संख्या 16 से बढ़कर 24 हो गई है।
इस टूर्नामेंट की विशेषता यह है कि इसमें सेना की टीमें भारत के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल क्लबों के खिलाफ मुकाबला करती हैं और पिछले कुछ संस्करणों में पड़ोसी देशों की सेना टीमों के साथ विदेशी भागीदारी भी देखी गई है।
इस टूर्नामेंट में गत विजेता के रूप में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी प्रवेश कर रही है, पिछले साल मोहन बागान सुपर जायंट को हराकर इस टीम ने अपना पहला खिताब हासिल किया था। इस सप्ताह के अंत में भाग लेने वाली टीमों और ग्रुप की पूरी सूची सामने आने की उम्मीद है।









