दिल्ली चुनाव में अरविंद केजरीवाल के लिए काम करेंगे प्रशांत किशोर

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनता दल युनाइटेड के उपाध्यक्ष एवं राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर से हाथ मिला लिया है।दिल्ली के आगामी विधानसभा चुनावों में प्रशांत की कंपनी I-PAC केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी के लिए काम करेगी।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, इस बात की जानकारी खुद केजरीवाल ने अपने ट्विटर अकाउंट के जरिए दी। आपको बता दें कि प्रशांत किशोर की कंपनी ने विभिन्न पार्टियों के साथ चुनावी रणनीति बनाने के लिए काम किया है।

इस मौके पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्विटर के ही जरिए ‘अबकी बार, 67 पार’ का नारा भी दिया। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने 2015 के विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज करते हुए दिल्ली की 70 में से कुल 67 सीटें जीतीं थीं।

हालांकि 2014 के लोकसभा चुनावों की तरह ही 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी का खाता नहीं खुला और सभी सातों सीटों पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने ही कब्जा जमाया था।

प्रशांत किशोर की कंपनी से हाथ मिलाने के बाद आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद कर रही होगी।

पार्टी के सामने इस बार दिल्ली में कांग्रेस का उभार भी एक बड़ी चुनौती होगी, हालांकि AAP नेता संजय सिंह देश की ‘ग्रैंड ओल्ड पार्टी’ को मुकाबले में ही नहीं मानते। AAP का कहना है कि दिल्ली में उसकी लड़ाई भारतीय जनता पार्टी से है और कांग्रेस कहीं मुकाबले में भी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *