पीएम मोदी ने एलओसी पर जवानों के साथ मनाई दिवाली, परिवार की तरह बताया

नई दिल्ली, पीएम मोदी ने एलओसी पर जवानों के साथ मनाई दिवाली. आज पूरा देश दिवाली का पर्व मना रहा है. हर तरफ जश्न का माहौल है. इस मौके पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दिवाली की बधाई दी हैं. वहीं पीएम मोदी जवानों के साथ दिवाली मनाने एलओसी पर जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर पहुंचे. यहां उन्होंने जवानों के साथ दो घंटे बिताए और उनके साथ दिवाली मनाई.
पीएम मोदी ने जवानों को मिठाई खिलाकर दिवाली मनाई. पीएम ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा, ‘सभी की तरह मैं भी परिवार के साथ दिवाली मनाना चाहता हूं और सभी जवान मेरे परिवार की तरह हैं’. प्रधानमंत्री ने यहां ये भी कहा कि उन्हें जवानों के बीच नई ऊर्जा मिलती है. यहां उन्होंने जवानों के बलिदान और जज्बे की भी प्रशंसा की.
प्रधानमंत्री मोदी सुबह श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतरे और उसके बाद 9.30 बजे श्रीनगर पहुंच गए. यहां से पीएम सीधे एलओसी पर गुरेज सेक्टर के लिए रवाना हो गए. उनके साथ सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत भी गुरेज सेक्टर गए.
पहले भी सरहद पर मनाई है दिवाली
इससे पहले, प्रधानमंत्री बनने के बाद 2014 में उन्होंने अपनी दिवाली सियाचिन में सेना के जवानों के साथ मनाई थी. इसके बाद 2015 में डोगराई वार मेमोरियल पर पीएम मोदी ने जवानों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया था. जबकि पिछले साल यानी 2016 में दिवाली के मौके पर प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश में आईटीबीपी जवानों के बीच गए थे.
राष्ट्रपति ने भी दी बधाई
राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट कर देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा, ‘सभी देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं. दूसरों के प्रति संवेदना और पर्यावरण के प्रति सजगता के साथ हम दीपोत्सव मनाएं’. वहीं पीएम मोदी ने भी इस पावन पर्व पर देशवासियों को बधाई दीं. पीएम ने भी ट्वीट कर सबको मुबारकबाद दीं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *