प्रधानमंत्री मोदी ने चौथे वैश्विक अक्षय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में चौथे वैश्विक अक्षय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन (री-इनवेस्ट) 2024 का उद्घाटन किया। ये सम्मलेन सोमवार को गांधीनगर जिले में हुआ।

प्रधानमंत्री मोदी ने चौथे वैश्विक अक्षय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन का उद्घाटन किया

तीन दिवसीय सम्मेलन में सरकार, उद्योग और वित्तीय क्षेत्रों की प्रभावशाली हस्तियों के अलावा हज़ारों लोगों के शरीक होने की संभावना है। सम्मलेन का आयोजन नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) द्वारा किया गया।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गुजरात अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभरा है।

गुजरात सौर ऊर्जा स्थापना में देश में सबसे आगे बताते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात में अक्षय ऊर्जा की स्थापित क्षमता 50,000 मेगावाट से अधिक है, जिसमें अक्षय ऊर्जा राज्य की ऊर्जा क्षमता में 54 प्रतिशत का योगदान देती है।


भारत का लक्ष्य वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन में स्थापित नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में वैश्विक स्तर पर चौथे सबसे बड़े देश के रूप में, अपने नेतृत्व को और भी मजबूत बनाना है।


री-इन्वेस्ट 2024 के लिए केंद्रीय विषय मिशन 500 गीगावाट है। नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में उल्लेखनीय विस्तार के साथ यह 2030 तक भारत के रणनीतिक लक्ष्य को रेखांकित करता है।

आयोजन में सम्मिलित होने वाले प्रमुख अंतरराष्ट्रीय साझेदारों में ऑस्ट्रेलिया सहित डेनमार्क, जर्मनी और नॉर्वे हैं। राज्य स्तर पर शामिल होने वाले प्रदेशों में उत्तर प्रदेश सहित आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, कर्नाटक और जैसे भारतीय राज्य भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

ऊर्जा परिवर्तन को गति देने में महिलाओं की भूमिका को संबोधित करने के साथ सोलर एक्स चैलेंज के दस विजेताओं द्वारा पिच सहित स्टार्ट-अप के लिए एक मंच प्रदान किये जाने की भी व्यवस्था है।

इस अवसर पर केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी सहित गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साईं, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन कुमार यादव, और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी उपस्थित थे।

गौरतलब है कि री-इन्वेस्ट का उद्घाटन संस्करण फरवरी 2015 में नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। अगला आयोजन अक्टूबर 2018 में दिल्ली एनसीआर में जबकि नवंबर 2020 में इस पर एक वर्चुअल संस्करण आयोजित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *