पाकिस्तान ने मसूद अजहर के भाई मुफ्ती अब्दुर रऊफ समेत 44 को हिरासत में लिया

आतंकवाद को लेकर भारत की सख्ती के चलते पाकिस्तान ने जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर के भाई मुफ्ती अब्दुर रऊफ को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के मंत्रालय के अनुसार, प्रतिबंधित संगठन के 44 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।

आपको बता दें कि मसूद अज़हर को UNSC प्रतिबंध सूची में डाले जाने पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 13 मार्च है। भारत सभी 15 सदस्य देशों से संपर्क में है, जिनमें चीन भी शामिल है और भारत आशावान है।

 

बालाकोट हमले के बाद से भारत आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान पर अधिक से अधिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान मध्यस्थता के लिए सभी देशों के पास गया, लेकिन भारत की स्थिति से वे कहीं अधिक सहमत हैं। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कहा है कि यह कोई भारत – पाक मुद्दा नहीं, बल्कि आतंकवाद का मुद्दा है।

 

उन्होंने कहा कि यदि जैश ए मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर पर संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध लगा देता है तो पाकिस्तान मुश्किल में पड़ जाएगा क्योंकि पाकिस्तानी विदेश मंत्री के कबूलनामे के मुताबिक वह वहां (पाकिस्तान में) रह रहा है। सूत्रों ने सोमवार को कहा था कि 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में जैश ए मोहम्मद के सबसे बड़े आतंकी प्रशिक्षण ठिकाने पर हमला करने के बाद भारतीय वायुसेना ने पश्चिमी सेक्टर में अपने सभी एयरबेस को अधिकतम अलर्ट पर रखा है।

 

गौरतलब है कि बालाकोट हमले के एक दिन बाद 27 फरवरी को पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कश्मीर में कई सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की थी। भारत ने अपने हवाई हमले को ‘गैर-सैन्य कार्रवाई कहा था। पुलमावा में 14 फरवरी को हुए एक आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के शहीद होने के बाद भारतीय वायुसेना ने यह कार्रवाई (बालाकोट में) की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *