इंडिया गठबंधन की महारैली में आज जुटेगा विपक्ष

इंडिया गठबंधन आज रामलीला मैदान में महारैली कर रहा है। आम आदमी पार्टी के आह्वान पर इस रैली के लिए ज़ोरदार तैयारियां की गई हैं। ये रैली 31 मार्च की सुबह 9.30 पर शुरू होगी और दोपहर दो बजे तक चलेगी।

इंडिया गठबंधन की महारैली में आज जुटेगा विपक्ष

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद इंडिया गठबंधन ने 31 मार्च को रामलीला मैदान में महारैली की तैयारी की है।

हालाँकि चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस ने इस रैली के लिए अनुमति दे दी है मगर एक शर्त भी लगा दी है। दिल्ली पुलिस के अनुसार इस रैली में 20 हजार लोगों को जुटाने की ही अनुमति है।

इस रैली के माध्यम से जहाँ एक ओर विपक्ष अपना शक्ति प्रदर्शन करने वाला है वहीँ विपक्षी दल के नेता गिरफ्तारी व केंद्र सरकार के खिलाफ लोगों के साथ आवाज बुलंद करेंगे।

महारैली में इंडिया गठबंधन का नारा है- “तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ”। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी से अखिलेश यादव, एनसीपी से शरद पवार, शिवसेना से उद्धव ठाकरे, आरजेडी से तेजस्वी यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सीपीआई से डी राजा, टीएमसी से डेरेक ओ ब्रायन, सीपीआई-एम से सीता राम येचुरी व पीडीपी से महबूबा मुफ्ती समेत कई अन्य विपक्षी पार्टियों के नेताओं के शरीक होने की उम्मीद है।

तैयारियों की बात करें तो आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भी दर्शन होंगे। हालांकि दिल्ली के मुख्यमंत्री इस समय ईडी की हिरासत में हैं आयोजन स्थल के दोनों ओर उनके होर्डिंग लगाए गए हैं।

आज की इस महारैली से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल अपनी सियासी पारी की शुरुआत करेंगी। बताते चलें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी साल 2011 में आयोजित अन्ना आंदोलन के ज़रिए इसी मैदान से अपनी पहचान बनाई थी।

महारैली सफल रही तो गठबंधन के प्रत्याशियों को इससे ताकत मिलेगी। खासकर दिल्ली पर महारैली की सफलता का असर ज्यादा पड़ेगा। महारैली का आयोजन भले ही गठबंधन के बैनर तले केंद्र से संबंधित देश भर के मुद्दों पर हो रहा है।

महारैली को सफल बनाने के लिए रामलीला मैदान में जनता के लिए 20 हजार से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था की गई हैं। धूप से बचने के लिए इन सभी कुर्सियों के ऊपर टेंट लगाए गए हैं। पीने के पानी के अलावा पंखे और कूलर भी लगाए गए हैं। महारैली में व्यवस्था एवं प्रबंधन के लिए 500 सक्रिय कार्यकर्ताओं को तैनात किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *