महिला दिवस पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात होंगी सिर्फ महिला पुलिसकर्मी

आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की कमान महिला पुलिसकर्मी संभालेंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट का संचालन महिलाओं को सौंपने की घोषणा की है।

महिला दिवस पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात होंगी सिर्फ महिला पुलिसकर्मी

आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के दौरे पर हैं। वह नवसारी में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। देश में ऐसा पहली बार होगा जब इस कार्यक्रम की सुरक्षा महिला पुलिसकर्मियों के हाथ होगी।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर गुजरात पुलिस एक अनूठी पहल कर रही है। भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की पूरी सुरक्षा व्यवस्था महिला पुलिसकर्मी के हवाले रहेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स में गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष सांघवी ने गुजरात पुलिस की इस अनूठी पहल की जानकारी दी है। इस सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मी नवसारी के वानसी बोरसी गांव में हेलीपैड पर पीएम के आगमन से लेकर उनके कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा देख रही हैं।

आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री वानसी बोरसी गांव में ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। हर्ष सांघवी ने बताया कि 2,100 से अधिक आरक्षी, 187 उप-निरीक्षक, 61 पुलिस निरीक्षक, 16 पुलिस उपाधीक्षक, पांच पुलिस अधीक्षक, एक पुलिस महानिरीक्षक और अतिरिक्त डीजीपी रैंक की एक अधिकारी समेत सभी महिला पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगी।

बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात के नवसारी में लखपति दीदी कार्यक्रम में 1.1 लाख से अधिक महिलाओं को संबोधित करंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री राज्य भर में 25,000 से अधिक स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की 2.5 लाख से अधिक महिलाओं को 450 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *